रजनीकांत स्टारर ‘जेलर 2’ ने सिनेमाघरों में दो ही दिनों में तूफान मचा दिया है। इस फिल्म ने देश में जितनी कमाई दो दिनों में की उससे अधिक विदेशों में कमा चुकी है। वहीं यामी गौतम की ‘नई नवेली’ और राजकुमार राव की ‘प्रहार’ पहले दिन एक ही रफ्तार में नजर आई।
रजनीकांत की पहली फिल्म ‘जेलर’ में हमने देखा कि कैसे पहले भाग में मारे गए विलन वर्मन (विनायकन) के करीबी और उसके साथी को पता चलता है कि वर्मन की हत्या किसने की है और तभी से वे टाइगर मुथुवेल पांडियन के पीछे पड़ जाते हैं। वहीं इस बार फिल्म की कहानी में अपराध का दायरा बहुत बड़ा है । इस फिल्म में एक्शन है, कॉमेडी है, बड़े सितारों की मौजूदगी है और खूब सारा मसाला भी हैं। आइए जानते हैं दूसरे दिन फिल्म की कमाई का कैसा रहा है हाल।
‘जेलर 2’ ने दूसरी दिन भारत में कितनी कमाई की
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जेलर 2’ ने जहां भारत में पहले दिन सिनेमाघरों में ₹59.70Cr की कमाई की वहीं इसने दूसरे दिन भी शानदार कमाई की। दूसरे दिन शुक्रवार को फिल्म ने 13,157 शोज़ के साथ ₹35.60Cr की कमाई की। दूसरे दिन के फुटफॉल की बात करें तो ये करीब 2,383,879 रहा। दो दिनों में कुल फुटफॉल 6,130,613 रहा है। फिल्म ने दो दिनों में भारत में करीब ₹95.30Cr की कमाई की है।
‘जेलर 2’ विदेशों में मचा रही तूफान
रजनीकांत की ये फिल्म केवल देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी शानदार कमाई कर रही है। इस फिल्म ने जहां पहले दिन विदेशों में करीब 55 करोड़ रुपये कमाए वहीं अब दूसरे दिन ₹40.00 Cr की कमाई कर ली है। यानी दो दिनों में इस फिल्म ने ₹97.00 Cr की दमदार कमाई सिर्फ विदेशों में की है। वहीं वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म ₹209.10 Cr का आकड़ा टच कर चुकी है। इन आंकड़ों को देखें तो ये फिल्म देश से अधिक विदेशों में कमाई कर रही है।
यामी गौतम स्टारर ‘नई नवेली’ की कहानी
वहीं अब बात करते हैं यामी गौतम स्टारर ‘नई नवेली’ की, जिसे बालाजी मोहन ने निर्देशित किया है और हिमांशु शर्मा तथा दिव्य निधि शर्मा ने लिखा है। कहानी उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहने वाले एक बड़े और जॉइंट फैमिली अवस्थी परिवार की है। परिवार के बड़े बेटे राजा अवस्थी (आदिनाथ कोठारे) की शादी मोहिनी यानी यामी गौतम धर से होती है। मोहिनी के घर आते ही चमत्कार होने लगते हैं। देखते ही देखते घर- परिवार की परेशानियां दूर होने लगती हैं और हर तरफ बस खुशहाली ही खुशहाली आ जाती है। अब मोहिनी के देवर के शक की सूई अपनी भाभी की रहस्यमयी हरकतों पर है। उसके देवर बंटू को शक है कि उसकी भाभी डायन है। भाभी के खिलाफ वह पूरे परिवार को इकट्ठा करता है। इसके बाद से फिल्म की कहानी घर के झगड़े से शुरू होकर पौराणिक और जादुई यात्रा में बदल जाती है, जहां मोहिनी की असली पहचान सामने आती है।
‘नई नवेली’ ने पहले दिन कितनी की कमाई
फिल्म की कमाई की बात करें तो ‘नई नवेली’ ने करीब 6,281 शोज़ के साथ केवल ₹3.25Cr की कमाई की है। वहीं विदेशों में कमाई की बात करें तो फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई है। इसने विदेशों में महज 75 लाख रुपये कमाए हैं और वर्ल्डवाइड ये फिल्म अब तक करीब ₹4.58 करोड़ की ही कमाई कर पाई है।
अजमल कसाब को सजा दिलाने की कानूनी लड़ाई की कहानी
इस वीकेंडे रिलीज हुई ‘प्रहार’ की बात करें तो इसमें राजकुमार राव देश के जाने-माने सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के रोल में हैं। उज्ज्वल निकम फिल्म में 26/11 हमले के आरोपी अजमल कसाब को सजा दिलाने की कानूनी लड़ाई लड़ते हैं। ये उस जंग की कहानी है जो आतंक के खिलाफ अदालत में लड़ी गई। ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ इसी कानूनी लड़ाई की कहानी है, जहां हथियारों की जगह दलीलें हैं और हर सबूत की अहमियत।
राजकुमार राव की ‘प्रहार’ ने पहले दिन कितनी कमाई
इस फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन पर नजर डालें तो इसने पहले दिन ₹2.35Cr की कमाई की। राजकुमार राव की भी इस फिल्म ने विदेशों में केवल 75 लाख रुपये ही कमाए और कुल मिलाकर फिल्म वर्ल्डवाइड केवल ₹3.52 Cr ही कमा पाई है।