बॉक्स ऑफिस पर कुछ नई फिल्मों रिलीज हुई हैं, लेकिन उनमें से किसी में भी वो बात नहीं कि दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच पाए। ‘हनुमान अंश’ अब भी सबसे अधिक कमाई से अपनी झोली भर रही है। 48वें दिन भी इसने ‘वाइब’ से लेकर ‘दायरा’ जैसी फिल्मों का मात दिया है।
भारत में नेट कलेक्शन के मामले में ₹280 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद, ‘हनुमान अंश’ का अगला लक्ष्य ₹285 करोड़ तक पहुंचना है। अगर सिनेमाघरों में इसकी लंबी पारी के दौरान लगातार अच्छी कमाई होती रही, तो फिल्म ₹290 करोड़ का लक्ष्य बना सकती है और फिर ₹300 करोड़ (भारत नेट) के बड़े माइलस्टोन की ओर बढ़ सकती है। हर हफ़्ते होने वाली इसकी अनोखी ग्रोथ का मतलब है कि इसका फाइनल कलेक्शन इस बात पर निर्भर करेगा कि फिल्म कितने समय तक सिनेमाघरों में लगी रहती है और दर्शकों की दिलचस्पी बनी रहती है।
‘हनुमान अंश’ ने नई फिल्मों को भी पछाड़ा
Sacnilk के अनुसार, 48वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने भारत में 7,358 शो में 4.00 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ ही, फिल्म का कुल इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 336.45 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि इसका इंडिया नेट कलेक्शन 284.93 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का कलेक्शन
‘मिर्जापुर: द मूवी‘ ने अपने तीसरे बुधवार को 1.90 करोड़ रुपये की कमाई की, जो पिछले दिन के मुकाबले लगभग 11.6 प्रतिशत कम है। फिल्म ने तीसरे हफ़्ते के शुरुआती 5 दिनों में 15.75 करोड़ रुपये कमाए। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर’ की कुल कमाई अब ₹221.65 करोड़ रुपये (नेट) हो गई है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹322.59 करोड़ है। यह फिल्म अब अपने सफर के आखिरी पड़ाव पर है। बिना किसी बड़े स्टार वाली फिल्म के लिए यह एक अच्छा कलेक्शन है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ इस साल की तीसरी हिट
‘मिर्जापुर’ एक सुपर हिट फिल्म है और इस साल की तीसरी सबसे बड़ी हिट है। इससे आगे सिर्फ ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘हनुमान अंश’ हैं। यह न सिर्फ फिल्म बनाने वालों के लिए, बल्कि पूरी इंडस्ट्री के लिए भी बहुत अच्छी बात है, क्योंकि इससे साबित हुआ है कि सफल डिजिटल IP को थिएटर में भी लाया जा सकता है। ऐसे समय में जब बॉक्स ऑफिस पर IP का दबदबा बढ़ रहा है, 90 के दशक के सुपरस्टार धीरे-धीरे हट रहे हैं और लंबे समय से कोई नया बड़ा स्टार नहीं आया है, यह एक अच्छी बात है।
‘वाइब’ की कमाई गिरी
कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव की फिल्म ‘वाइब’ (Vibe) को बॉक्स ऑफ़िस पर मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने भारत में अपने ओपनिंग वीकेंड में 7.45 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई की, लेकिन धीरे-धीरे ये कमाई घटती गई और छठे दिन फिल्म ने केवल 1 करोड़ की कमाई की है। इसका कुल कलेक्शन अब तक ₹10.45 करोड़ ही हो पाया है और दुनियाभर में कमाई ₹14.43 करोड़ पहुंची है।
‘दायरा’ का कलेक्शन
करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमार की फिल्म ‘दायरा’ में लगातार गिरावट जारी है। बुधवार को इसने सारी फिल्मों से कम केवल 45 लाख की कमाई की है, जबकि ये इसका छठा दिन था। 6 दिन में फिल्म केवल ₹5.95 करोड़ कमा पाई है। वहीं, ग्रॉस कलेक्शन ₹7.13 करोड़ है। विदेशों में फिल्म ने कुल ₹2.10 करोड़ की कमाई की है, जिससे इसकी कुल वर्ल्डवाइड कमाई ₹9.23 करोड़ हो गई है।