CG Morning News : रायपुर. छत्तीसगढ़ समेत देशभर में आज धनतेरस का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा. कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर रायपुर के बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है. सोना-चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है. धनतेरस पर खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह है. वहीं लोग भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करेंगे.
स्कूलों में दीपावली अवकाश आज से 11 तक
रायपुर. स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में जारी आदेश के अनुसार स्कूलों में दीपावली अवकाश आज से शुरू हो रहा है. अवकाश 6 दिनों का होगा. शासन ने पूर्व में 5 दिनों का अवकाश दिया था, लेकिन इसमें संशोधन करते हुए 6 दिन कर दिया. प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों तथा डीएड, बीएड, एमएड कॉलेजों में 6 नवंबर से 11 नवंबर तक दीपावली अवकाश रहेगा.
PM आवास हितग्राहियों को दीपावली पर सरकार का तोहफा
रायपुर. दीपावली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सरकार ने बड़ी सौगात दी है. PM आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत राज्य में 4,670 नए आवासों को मंजूरी दी गई है. ये आवास छत्तीसगढ़ के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों में स्वीकृत किए गए हैं. इसके साथ ही बीएलसी घटक के तहत स्वीकृत आवासों की संख्या बढ़कर 60,623 हो गई है, जबकि एएचपी घटक के तहत अब तक 15,463 आवास मंजूर किए जा चुके हैं. इस तरह PM आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत छत्तीसगढ़ में कुल 76,086 आवासों को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है.
दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर तक बढ़ी
महासमुंद. दिव्यांगजन केंद्रीय छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 की गई है. पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित थी. उप संचालक संगीता सिंह ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए कक्षा 9वीं और 10वीं तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए कक्षा 11वीं और 12वीं में नियमित रूप से अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं. आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाना है. उन्होंने संबंधित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित संशोधित अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सके.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H