CG Morning News : CM साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल… दो केंद्रीय मंत्री और BJP राष्ट्रीय प्रवक्ता का छत्तीसगढ़ दौरा… दिल्ली जाएंगे कांग्रेस नेता… पढ़ें और भी खबरें


CG Morning News : छत्तीसगढ़ में आज दिनभर राजनीतिक हलचल तेज रहने वाली है. मुख्यमंत्री साय आज पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के वितरण कार्यकम में शामिल होंगे. वहीं दुर्ग में आसभा को संबोधित करेंगे. दो केंद्रीय मंत्रियों के अलावा  भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्त सुधांशु त्रिवेदी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं. वह दुर्ग और रायपुर में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली में शामिल होंगे. वहीं दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से कई नेता और दिग्गज आज और कल रवाना होंगे. राजधानी रायपुर में आज सारंग हेलिकॉप्टर उड़ान भरेंगे, जिसे शहरवासी अपने घरों की छत से देख सकेंगे. इस बीच साइक्लोन अर्नब के प्रभाव से आज भी बारिश जारी रहेगी, ऐसे में बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न जिलों के स्कूल बंद किए गए हैं.

रायपुर और दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में CM साय होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और दुर्ग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. रायपुर के कृषि महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद परिसर में सुबह 10:15 से 11:30 बजे तक होने वाले पीएम किसान सम्मान निधि के 24वीं वितरण किस्त और पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. वहीं दुर्ग के पुलगांव में आयोजित आमसभा और रैली में शामिल होंगे.

जेपी नड्डा आज आएंगे छत्तीसगढ़

रायपुर. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे. वे दोपहर करीब 1 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से सीधे सीएम हाउस जाएंगे. इसके बाद दोपहर 3:15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होंगे. केंद्रीय मंत्री दुर्ग की महेश कॉलोनी, पुलगांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. शाम 4 बजे दुर्ग के जेआरडी स्कूल मैदान में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसके जरिए भाजपा दुर्ग संभाग में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है.

शिवराज सिंह चौहान आज शाम पहुंचेंगे रायपुर

रायपुर. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शाम 7 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान वे कल सुबह 10 बजे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट के कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके साथ ही खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे. दोपहर 1:30 बजे वे नेताजी सुभाष स्टेडियम पहुंचेंगे. यहां से तेलीबांधा तक भाजपा की ओर से आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे.

राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी आज आएंगे रायपुर

रायपुर. राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे. वे दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे. यहां वे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे.

कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी

रायपुर. राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित जिलों के कलेक्टरों के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. इसके तहत राजधानी रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, रायगढ़, राजनांदगांव, कबीरधाम, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बालोद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और सूरजपुर जिले में 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे. अवकाश संबंधी ये आदेश संबंधित जिलों के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों पर लागू होंगे.

सारंग हेलीकॉप्टर आज आसमान में भरेंगे उड़ान 

रायपुर. राजधानी के आसमान में आज भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टर उड़ते नजर आएंगे. दोपहर 12:20 से 12:45 बजे के बीच हेलीकॉप्टर शहर के ऊपर से गुजरेंगे. शहरवासी अपने घरों की छतों से इनकी उड़ान देख सकेंगे.

भूपेंद्र नाग का आज छत्तीसगढ़ आगमन

रायपुर. भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग आज छत्तीसगढ़ आएंगे. उनके स्वागत के लिए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रायपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत की तैयारी की है. एयरपोर्ट से एकात्म परिसर तक बाइक रैली निकाली जाएगी. दोपहर 1:30 बजे निकलने वाली इस रैली में बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे.

बजरंग दल करेगा तालाबों की सफाई की मांग

रायपुर. गौरा-गौरी त्योहार को देखते हुए बजरंग दल आज रायपुर नगर निगम में ज्ञापन सौंपेगा. संगठन दोपहर 12 बजे नगर निगम पहुंचेगा और गौरा-गौरी पूजा से पहले शहर के तालाबों की सफाई कराने की मांग करेगा. त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तालाबों की सफाई कराने की मांग उठाई जाएगी.

रायपुर ग्रामीण के 11 ब्लॉकों से सैकड़ों कांग्रेसी आज दिल्ली होंगे रवाना

मांढर. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले वोट बचाओ देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ संविधान बचाओ अभियान एवं राष्ट्रीय रैली में शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले 11 ब्लॉकों से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता 30 अक्टूबर को दिल्ली के लिए रवाना होंगे. इस टीम में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस पंकज शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस रायपुर ग्रामीण नारायण कुर्रे, राम गिड़लानी, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जयंत साहू, खरोरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अश्वनी वर्मा, आशीष वर्मा, पूर्व जनपद अध्यक्ष तिल्दा देवव्रत नायक आदि शामिल होंगे. बंजारे ने कहा कि कांग्रेसजन दिल्ली में एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आवाज बुलंद करेंगे.

खराब मौसम के कारण हॉकी मैच रद्द, आज खेला जाएगा

रायपुर. खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण 29 अक्टूबर को खेले जाने वाले मैच को आयोजन समिति ने रद्द कर दिया. इसमें शाम 5 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला होना था. दूसरा मैच शाम 7 बजे से चक्रधर चैम्पियन्स और बैलाडिला बुल्स के मध्य होता. ये दोनों रद्द मैच 30 अक्टूबर को तय समयानुसार शुरू कर दिया जाएगा. अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी लीग का फाइनल 1 नवंबर को खेला जाएगा. लीग में राजधानी रायल्स और न्यायधानी नाइट्स ने अपने सभी पांचों मैच खेल लिए हैं. शेष चार टीमों के एक-एक मैच बाकी हैं. न्यायधानी नाइट्स 3 जीत और 2 ड्रॉ के साथ 11 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर है. उसने सेमीफायनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है. वहीं राजधानी रायल्स अपने सभी मैच हार कर सबसे निचले पायदान पर है. मैनपाट टाइटन्स ने अपने 4 मैचों में से 2 मैच जीते और 2 ड्रॉ खेले हैं. टीम 8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. चक्रधर चैंपियंस 4 मैच खेल कर 2 जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है. बैलाडीला बुल्स 4 मैचों में एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार के साथ 5 अंक लेकर चौथे स्थान पर तथा संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 4 मैचों में एक जीत, एक ड्रॉ और दो हार के साथ 4 अंक हासिल कर पांचवें स्थान पर है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Related posts

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 31 अक्टूबर 2026 की सुबह की बड़ी खबरें और अन्य समाचार – aaj ki taza khabar 31 october 2026 morning top news headlines ntc

Makrana School Minor Rape Case

CG Morning News : CM साय जाएंगे बालोद…