ख़बर शेयर करें –
रातभर चला सर्च ऑपरेशन, सुबह दोबारा तलाश शुरू करने पर मिला कर्मचारी का शव; असम का रहने वाला था मृतक
चमोली, 22 नवंबर 2026। जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में पहाड़ी से गिरकर HCC कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर SDRF की टीम ने रात में ही सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अंधेरा और कम दृश्यता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह दोबारा चलाए गए तलाशी अभियान में कर्मचारी का शव बरामद हुआ।
SDRF पोस्ट जोशीमठ को 21 नवंबर की रात जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) के माध्यम से सूचना मिली कि पीपलकोटी क्षेत्र में HCC कंपनी का एक कर्मचारी नदी में डूबकर लापता हो गया है। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी महेश ऐठानी के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर जवानों ने रात के अंधेरे में नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश की। हालांकि, कम दृश्यता के चलते सर्च ऑपरेशन में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद 22 नवंबर की सुबह SDRF टीम ने फिर से तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान लापता कर्मचारी का शव बरामद कर लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कर्मचारी पहाड़ी से गिरा था और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। SDRF जवानों ने शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतक की पहचान मोहन लोहार, पुत्र बुद्धू लोहार, निवासी सोनितपुर, असम के रूप में हुई है।
— Uttarakhand Morning Post
मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।