Dehradun School Controversy | Teacher Accused Of Molesting Students


देहरादून के नामी समर वैली स्कूल की छात्रा घटना की जानकारी देते हुए।

देहरादून के नामी समर वैली स्कूल में 11वीं की छात्राओं ने फिजिक्स के टीचर पर गलत तरीके से छूने के आरोप लगाए हैं। मामले में 15 छात्राओं के साइन वाली शिकायत स्कूल प्रबंधन को दी गई थी।

.

आरोप है कि शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित टीचर को हटाने और छात्रा की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया, लेकिन अगले दिन पीड़ित छात्रा को प्रिंसिपल ऑफिस बुलाकर अपमानित किया गया।

छात्रा और उसकी मां ने स्कूल के डायरेक्टर अशोक वासु पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि उससे पूछा गया कि उसे किस तरह छुआ गया और वह डायरेक्टर को छूकर बताकर दिखाए।

पीड़ित छात्रा घटना की जानकारी देते हुए।

मां से शिकायत की तो स्कूल पहुंचीं, छात्राओं ने बताई आपबीती

पीड़ित छात्रा के मुताबिक, फिजिक्स के टीचर उनकी क्लास के क्लास टीचर भी हैं। छात्रा ने आरोप लगाया कि टीचर लड़कियों के साथ लड़कों को भी गलत तरीके से छूते थे। शुरुआत में उसने अपनी मां को इसकी जानकारी दी थी। कुछ समय बाद जब वह परेशान हो गई, तो उसने मां से कहा कि अब वह स्कूल नहीं जाएगी और उन्हें स्कूल चलना होगा।

इसके बाद मां स्कूल पहुंचीं और प्रिंसिपल ऑफिस में शिकायत की। छात्रा और उसकी मां के मुताबिक, लिखित आवेदन पर 15 छात्राओं के साइन थे। मां का कहना है कि स्कूल की ओर से उन्हें बताया गया कि बच्चों से पूछताछ कर ली गई है और संबंधित टीचर को नौकरी से हटा दिया जाएगा।

साथ ही उनकी बेटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का भरोसा भी दिया गया। मां के मुताबिक, भरोसा मिलने के बाद वह घर लौट गईं। उनका कहना है कि स्कूल में उनके दो बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए बेटी की सुरक्षा को लेकर वह चिंतित थीं।

पीड़िता बोलीं- डायरेक्टर ने कहा, मुझे छूकर दिखाओ

छात्रा के मुताबिक, शिकायत के अगले दिन वह सामान्य रूप से स्कूल गई थी। चौथे पीरियड में उसे प्रिंसिपल ऑफिस बुलाया गया। छात्रा का आरोप है कि वहां डायरेक्टर अशोक वासु, प्रिंसिपल और एक अन्य लेडी टीचर मौजूद थीं।

छात्रा ने आरोप लगाया कि डायरेक्टर ने उससे अभद्र तरीके से बात की। उसके मुताबिक, डायरेक्टर ने कहा कि क्या उसके पिता उसे छूते नहीं हैं और उसने एक बुजुर्ग टीचर पर झूठा आरोप लगाया है। छात्रा का आरोप है कि उससे कहा गया कि उसे किस तरह छुआ गया, यह छूकर दिखाए।

पीड़िता ने बताया कि जब उसने कहा कि शिकायत पर अन्य छात्राओं ने भी साइन किए हैं, तो डायरेक्टर ने आरोप लगाया कि उसने 11वीं और 12वीं के बच्चों से दबाव डालकर साइन करवाए हैं। छात्रा का कहना है कि उसे यह भी कहा गया कि इस मामले में कोई उसका साथ नहीं देगा और वह अकेली है।

देहरादून का समर वैली स्कूल, जिसके टीचर पर आरोप लगा है।

मां का आरोप- बेटी को घर पर भी बताने से मना किया

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि स्कूल की प्रिंसिपल ने उनकी बेटी से कहा कि घर जाकर मां को यह न बताए कि डायरेक्टर ने उसे छूकर दिखाने के लिए कहा था। मां के मुताबिक, डायरेक्टर ने भी बेटी से कहा कि अगर स्कूल में पढ़ना है, तो घर जाकर इस बारे में कुछ बताने की जरूरत नहीं है।

मां का कहना है कि इसके बाद उनकी बेटी स्कूल नहीं गई। वह काफी समय से डरी-सहमी और तनाव में थी। उन्होंने बताया कि दूसरी छात्राएं भी टीचर के व्यवहार से परेशान थीं, लेकिन डर और सामाजिक दबाव के कारण वे अपने अभिभावकों को ऐसी बातें बताने से हिचकती हैं।

पीड़िता की मां जानकारी देते हुए।

शिकायत की कॉपी मांगने पहुंचे तो हुई बहस

मामले के सामने आने के बाद पीड़ित छात्रा और उसकी मां स्कूल पहुंचे। परिवार ने 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाले आवेदन की रिसीविंग और फोटोकॉपी मांगी। छात्रा का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने आवेदन अपने पास रख लिया और उसकी कॉपी देने को तैयार नहीं हुआ।

वीडियो में शिकायत की कॉपी मांगने को लेकर पत्रकार और स्कूल की प्रिंसिपल के बीच बहस होती दिखाई देती है। पत्रकार ने सवाल उठाया कि यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली छात्रा को उसका आवेदन वापस क्यों नहीं दिया जा रहा है।

इस दौरान पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। वीडियो में एक पुलिस अधिकारी कहते सुनाई देते हैं कि आवेदन की फोटोकॉपी देनी चाहिए। इसके बाद पुलिसकर्मी छात्रा को कागज और पेन देते हैं, जिसके बाद वह टेबल पर बैठकर दोबारा आवेदन लिखने लगती है। स्कूल में हुई बहस के दौरान पत्रकार ने आरोप लगाया कि उन्होंने स्कूल पहुंचते ही सीसीटीवी फुटेज देखने की बात कही थी, लेकिन फुटेज हटा दिया गया।

पत्रकार के सावल करने पर भागी लेडी प्रिंसिपल।

पीड़िता की मांग- असेंबली में माफी मांगें डायरेक्टर

पीड़ित छात्रा ने मांग की है कि डायरेक्टर अशोक वासु उससे सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उसने कहा कि जिन अन्य छात्राओं के साथ कथित तौर पर ऐसा व्यवहार हुआ और जिन्हें अपनी बात रखने से रोकने की कोशिश की गई, उनसे भी स्कूल की असेंबली में माफी मांगी जाए।

छात्रा की मां ने भी मांग की है कि डायरेक्टर सभी बच्चों के सामने माफी मांगें और उन्हें बताएं कि स्कूल में किसी टीचर द्वारा गलत तरीके से छूने की घटना होने पर वे अपने माता-पिता और प्रिंसिपल को इसकी जानकारी दें।

मां ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शिकायत की कॉपी मांगने के दौरान उन्हें सहयोग नहीं मिला।

स्कूल में बंद कमरे में मां-बेटी से बातचीत

मामले के बीच स्कूल में मां-बेटी से बंद कमरे में बातचीत चल रही है। बातचीत के दौरान क्या आश्वासन दिया गया और स्कूल प्रबंधन शिकायत पर क्या कार्रवाई करेगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

—————————————–

ये खबर भी पढ़ें…

अंकिता हत्याकांड- नार्कों टेस्ट के लिए तैयार उर्मिला सनावर-सुरेश राठौर:पत्नी मानने से इनकार करने पर भड़कीं एक्ट्रेस; बोलीं- राठौर को कोर्ट में चप्पलों से मारूंगी

अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक्ट्रेस उर्मिला सनावर और पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर नार्कों टेस्ट के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को दोनों देहरादून के CBI कोर्ट पहुंचे। कथित VIP के नाम वाले ऑडियो को लेकर CBI ने उर्मिला सनावर और पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को नोटिस जारी किया था, जिसके बाद दोनों आज कोर्ट पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)



Source link

Related posts

Dainik Bhaskar Morning News Brief Agniveer Permanent Army Status

Bihar Kal Ka Mausam: 5 नवंबर को भी साफ रहेगा बिहार का मौसम, सुबह छायेगा हल्का कोहरा; रात में गुलाबी ठंड

Agniveer First Batch Extension News