अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने आ रही है। रिलीज से एक दिन पहले ही इसने एडवांस बुकिंग में ‘सिंंघम अगेन’ को पछाड़ दिया है। गुरुवार सुबह तक 5.43 लाख टिकट बिक चुके हैं, जबकि अभी पूरे दिन एडवांस बुकिंग होनी है। शुक्रवार को यह फिल्म ‘हनुमान अंश’ से ‘द वन’ तक के लिए आफत बनकर आ रही है।
अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की एक खास बात यह भी है कि इस बार यह मोहनलाल की फिल्म की हूबहू रीमेक नहीं है। मेकर्स ने हिंदी फिल्म की कहानी और क्लाइमैक्स को मूल मलयालम फिल्म से अलग रखा है। ऐसे में फिल्म के अंत क्या होने वाला है, इसको लेकर उत्सकुता और बढ़ गई है। बीते शनिवार की शाम को एडवांस बुकिंग की शुरुआत हुई थी और खबर लिखे जाने तक, पहले दिन के लिए 5.43 लाख टिकट बिक चुके हैं। अभी गुरुवार को आखिरी घंटों में प्री-सेल्स की रफ्तार में और तेजी आने वाली है।
‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ एडवांस बुकिंग
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने पहले दिन (शुक्रवार, 2 अक्टूबर) के लिए ब्लॉक सीटों के साथ ₹20.00 करोड़ की एडवांस बुकिंग कर ली है। अभी 12132 शोज के लिए प्री-बुकिंग हो रही है, जिसमें से 21 शोज हाउसफुल हो चुके हैं। टिकटों की बिक्री में सबसे आगे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR का इलाका है, जहां से ₹4.53 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई है। जबकि महाराष्ट्र टॉप राज्य है, जिसने ₹6.37 करोड़ की प्री-सेल्स बुकिंग कर ली है।
‘दृश्यम 3’ के लिए अगले 6 दिनों की एडवांस बुकिंग ₹37 करोड़ पार
पहले दिन के लिए हो रही तगड़ी एडवांस बुकिंग में दिल्ली और महाराष्ट्र के बाद गुजरात का नंबर आता है, जहां से ₹1.41 करोड़ की प्री-बुकिंग हुई है। शहरों में दिल्ली-NCR के बाद टॉप शहरों में मुंबई (₹3.73 करोड़) और पुणे (₹1.69 करोड़) का हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि मेकर्स ने पहले दिन के साथ अगले 6 दिनों के लिए एडवांस बुकिंग विंडो खोल दी है। शुक्रवार 02 अक्टूबर से 07 अक्टूबर के लिए अब तक एडवांस बुकिंग से ही ₹37.22 करोड़ की ग्रॉस कमाई हो चुकी है।
‘दृश्यम 3’ ने तोड़ा ‘सिंघम अगेन’ की एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड
‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने इसी के साथ भारत में अजय देवगन के करियर की अब तक की सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड भी बना लिया है। जबकि अभी फाइनल आंकड़े आने बाकी हैं। इसने ‘सिंघम अगेन’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसने रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग से ₹15.70 करोड़ की ग्रॉस कमाई की थी। ‘दृश्यम 3’ हिंदी सिनेमाघरों में 15,000 से अधिक शोज के साथ रिलीज होने वाली है। ऐसे में ‘हनुमान अंश’ से लेकर ‘द वन’ तक की कमाई को झटका लगने वाला है।
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर
‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस प्रेडिक्शन: पहले दिन ₹50+ करोड़
अजय देवगन की फिल्म के एडवांस बुकिंग के फाइनल आंकड़े शुक्रवार सुबह तक आएंगे। लेकिन इतना तो साफ है कि ‘दृश्यम 3’ ओपनिंग डे पर ही दमदार कमाई करने वाली है। जिस तरह दर्शकों में फिल्म के क्रेज दिख रहा है, शुक्रवार को रिलीज डे पर स्पॉट बुकिंग भी उसी रफ्तार से होगी। यदि फिल्म दर्शकों को पसंद आती है तो फर्स्ट डे फर्स्ट शो के बाद सिनेमाघरों में भीड़ और कमाई, दोनों में ही तेजी आ सकती है। एडवांस बुकिंग और दर्शकों की उत्सकुता को देख यही लग रहा है कि ₹130 करोड़ के बजट में बनी ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ पहले दिन शुक्रवार, 02 अक्टूबर को देश में ₹45 करोड़ से ₹50 करोड़ या उससे भी अधिक का कलेक्शन करने वाली है।