गोरखपुर। विद्युत उपकेंद्र जगदीशपुर पर शराब के नशे में कर्मचारी के ड्यूटी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल प्रथम केके राठौर ने अधिशासी अभियंता को जांच के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता कर्मचारी के नशे में होने के आरोप के साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित रहने के दौरान उपकेंद्र पर ड्यूटी व्यवस्था की भी जांच करेंगे।
मामला 16 सितंबर की रात का है। जगदीशपुर उपकेंद्र से जुड़े कोनी फीडर की बिजली अपराह्न करीब तीन बजे बंद हो गई थी। करीब छह घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं होने पर ग्रामीण उपकेंद्र पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के कथित तौर पर नशे में होने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कर्मचारी का वीडियो भी बनाया। बाद में इसे वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी ने करती है।
ग्रामीण प्रथम खंड के अधीक्षण अभियंता केके राठौर ने बताया कि कर्मचारी के नशे में होने और संबंधित अभियंता से फोन पर संपर्क नहीं होने के कारणों की जांच के लिए अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया गया है। उन्हें स्वयं मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।