Haryana Morning News: आज कैबिनेट में जुटेंगे CM सैनी और मंत्री, रोडवेज कर्मचारियों ने दी चक्का जाम की चेतावनी समेत सुबह की बड़ी खबरों पर एक नजर


Haryana Morning News : हरियाणा में आज सुबह सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें निवेश प्रस्तावों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। दूसरी ओर, रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। कांग्रेस भी आज से प्रदेश में नया अभियान शुरू करेगी। इसके अलावा सोनीपत में सड़क हादसे और उद्योगों में निवेश से जुड़ी खबरें भी चर्चा में हैं।

1. हरियाणा कैबिनेट की बैठक आज, 11 बजे सचिवालय में जुटेंगे CM सैनी और मंत्री

हरियाणा में आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। बैठक सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित की जाएगी। मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से इसकी अधिसूचना जारी की जा चुकी है।

बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि गुजरात दौरे के दौरान मिले करीब 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है। कर्मचारियों और विभागों से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में रखे जा सकते हैं।

2. रोडवेज कर्मचारियों ने दी 5 और 6 नवंबर को चक्का जाम की चेतावनी

हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। लंबित ओवरटाइम, रात्रि भत्ता, यात्रा भत्ता, LTC और मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं होने से कर्मचारी नाराज हैं। हिसार, हांसी और सिरसा में बस सेवाएं प्रभावित होने की खबर है।

कर्मचारी संगठनों ने मांगों का समाधान नहीं होने पर 5 और 6 नवंबर को प्रदेशव्यापी चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में बस यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

3. लाडवा से आज कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू

हरियाणा कांग्रेस आज 3 नवंबर से ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विधानसभा क्षेत्र लाडवा से होगी। अभियान 25 नवंबर तक चलाया जाएगा।

इसके तहत गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से बातचीत की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची की जांच करेंगे और जिन लोगों के नाम सूची से कटे हैं या शामिल नहीं हुए हैं, उनसे जुड़ी शिकायतें और दस्तावेज जुटाएंगे।

4. सोनीपत में डिवाइडर से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौके पर मौत

सोनीपत में रविवार रात सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसा ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के पास हुआ, जहां बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

मृतकों की पहचान खरखौदा के सोहटी गांव निवासी विजय (25) और दिनेश (26) के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला हिट एंड रन लग रहा था, लेकिन जांच में बाइक के संतुलन बिगड़ने से हादसा होने की बात सामने आई।

5. पंजाब के उद्योगपतियों को हरियाणा में निवेश का न्योता, CM सैनी ने दिया सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के उद्योगपतियों को हरियाणा में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया है। सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में पंजाब के उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

इस दौरान खास तौर पर फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए मंजूरी और जरूरत के मुताबिक औद्योगिक जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

6. जनप्रतिनिधियों से बोले CM सैनी- राजनीतिक मतभेद छोड़कर प्रदेश के विकास पर करें काम

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनप्रतिनिधियों से राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर हरियाणा के विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की है। उन्होंने सोमवार को पंचकूला में हरियाणा विधानसभा की ओर से आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है, लेकिन सार्वजनिक मुद्दों पर चर्चा जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, आधुनिक कृषि, स्वास्थ्य सेवाओं और जल संरक्षण को विकसित हरियाणा के लिए जरूरी बताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  



Source link

Related posts

Weather Latest News, Updates in Hindi | मौसम के समाचार और अपडेट

रायपुर दौरे पर रहेंगे गृहमंत्री शाह:जारी होगी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त, पढ़ें रायपुर में आज क्या खास? – Home Minister Amit Shah Raipur Visit, Read Here Today Programs, Raipur Morning News

MP Morning News: मोहन कैबिनेट की बैठक, DSP दीक्षांत समारोह, श्री कृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थानों का होगा विकास, सफाई कर्मचारियों का धरना, बीजेपी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन कल