रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने महज 11 दिनों में दुनियाभर में ₹710 करोड़ से अधिक की कमाई कर इतिहास रच दिया है। यह अब कॉलीवुड की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। इतना ही नहीं, वर्ल्डवाइड टॉप-20 इंडियन फिल्मों की लिस्ट में भी इसका प्रमोशन हुआ है। अब ‘छावा’ और ‘पीके’ का रिकॉर्ड खतरे में है।
‘जेलर 2’ साल 2023 में रिलीज ब्लॉकबस्टर ‘जेलर’ का सीक्वल है। फिल्म का बजट ₹350 करोड़ बताया जा रहा है। तमिल, हिंदी, तेलुगू और कन्नड़ में रिलीज इस फिल्म ने देश में अपना बजट भी निकाल लिया है और ₹28.60 करोड़ का मुनाफा कमा चुकी है। सिनेमाघरों में रजनीकांत के फैंस का क्रेज देखने लायक है। 11 दिनों में चारों भाषाओं को मिलाकर 26,425,010 फुटफॉल दर्ज किया है। यानी 2.64 करोड़ से अधिक दर्शक सिनेमाघरों में यह फिल्म देख चुके हैं।
‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
Sacnilk के मुताबिक, 11वें दिन ‘जेलर 2‘ ने देश में 11954 शोज से शानदार ₹25.70 करोड़ की नेट कमाई की है। इसमें तमिल से ₹17.35 करोड़, तेलुगू से ₹4.50 करोड़, हिंदी डब वर्जन से ₹3.15 करोड़ और कन्नड़ से ₹70 लाख की कमाई हुई। इसके साथ ही, भारत में अब तक का ‘जेलर 2’ का कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹466.85 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹398.70 करोड़ हो गया है। फिल्म बड़ी आसानी से सोमवार को 12वें दिन देश में ₹400 करोड़ क्लब में एंट्री कर लेगी।
‘जेलर 2’ कलेक्शन वर्ल्डवाइड टोटल
दिलचस्प बात यह है कि रजनीकांत का सुपरस्टारडम विदेशों में भी सिर चढ़कर बोल रहा है। रविवार को भी विदेशों से ₹10.00 करोड़ की ग्रॉस कमाई हुई है। जबकि 11 दिनों में ओवरसीज मार्केट से ₹243.50 करोड़ का तगड़ा ग्रॉस बिजनस हुआ है। इस तरह, देश और दुनिया मिलाकर ‘जेलर 2’ ने वर्ल्डवाइड ₹710.35 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
‘जेलर 2’ ने 11 दिनों में हिंदी डब वर्जन से कमाए हैं ₹38.55 करोड़
‘जेलर 2’ की सबसे अधिक कमाई मूल तमिल वर्जन से हो रही है। देश में ₹398.70 करोड़ की नेट कमाई में से ₹279.30 करोड़ का बिजनस अकेले तमिल से हुआ है। इसके बाद तेलुगू डब वर्जन का नाम है, जहां से ₹75.25 करोड़ का कारोबार हुआ। हिंदी डब वर्जन से 11 दिनों में ₹38.55 करोड़ की नेट कमाई हुई है। जबकि सबसे कम ₹5.60 करोड़ का कलेक्शन कन्नड़ वर्जन से हुआ है।
‘जेलर 2’ बनी कॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मूवी
‘जेलर 2’ ने रविवार को रजनीकांत की ही ‘2.0’ के ₹691 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। आठ साल से यह फिल्म कॉलीवुड की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी हुई थी। तमिल फिल्मों में अब ‘जेलर 2’ और ‘2.0’ के बाद थलपति विजय की ‘लियो’ (₹605 करोड़) तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म है। थलाइवा की पिछली फिल्म ‘कुली’ ने लाइफटाइम ₹518.00 करोड़ का वर्ल्डवाइड बिजनस किया था।
कॉलीवुड की टॉप-5 सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्में
- जेलर 2- ₹710.35 करोड़*
- 2.0 – ₹691 करोड़
- लियो – ₹605 करोड़
- जेलर – ₹604 करोड़
- कुली – ₹518 करोड़
दुनियाभर में सबसे अधिक कमाई करने वाली टॉप-18 फिल्म बनी ‘जेलर 2’
वर्ल्डवाइड सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में भी ‘जेलर 2’ का प्रमोशन हुआ है। ₹710 करोड़ का आंकड़ा छूते ही यह अब टॉप-20 लिस्ट में 18वें नंबर पर आ गई है। इस लिस्ट में अभी भी टॉप पर आमिर खान की ‘दंगल’ (₹2,070 करोड़), रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ (₹1,813 करोड़) और ‘बाहुबली 2’ (₹1,788 करोड़) का कब्जा है। ‘जेलर 2’ के निशाने पर पर आमिर खान की ‘PK’ (₹792 करोड़) और विक्की कौशल की ‘छावा’ (₹808 करोड़) का रिकॉर्ड है।
वर्ल्डवाइड सबसे अधिक कमाई करने वाली टॉप-20 फिल्में
- दंगल – ₹2,070 करोड़
- धुरंधर 2 – ₹1,813 करोड़
- बाहुबली 2 – ₹1,788 करोड़
- पुष्पा 2 – ₹1,742 करोड़
- धुरंधर – ₹1,307 करोड़
- RRR – ₹1,230 करोड़
- KGF 2 – ₹1,215 करोड़
- जवान – ₹1,160 करोड़
- पठान – ₹1,055 करोड़
- कल्कि 2898 AD – ₹1,042 करोड़
- बजरंगी भाईजान ₹922 करोड़
- एनिमल – ₹915 करोड़
- सीक्रेट सुपरस्टार – ₹913 करोड़
- स्त्री 2 – ₹857 करोड़
- कांतारा चैप्टर 1 – ₹852 करोड़
- छावा – ₹808 करोड़
- PK – ₹792 करोड़
- जेलर 2 – ₹710.35 करोड़*
- 2.0 – ₹691 करोड़
- गदर 2 – ₹686 करोड़
‘जेलर 2’ की कास्ट
‘जेलर 2’ को सन पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है और इसका निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। फिल्म में रजनीकांत ने अपने मशहूर किरदार ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन के रूप में वापसी की है। इस बार वह एंटीक मूर्ति चोरों की नई टोली से भिड़ते हैं। फिल्म की बाकी कास्ट में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना, एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, विद्या बालन, शिवराजकुमार, अन्ना राजन, जतिन सरना, मोहनलाल, जैकी श्रॉफ और ऋतिक रोशन भी हैं। इनमें से ऋतिक रोशन, मोहनलाल, शिवराजकुमार और जैकी श्रॉफ कैमियो रोल में हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।