लुधियाना में पुलिस चौकी जनकपुरी के नजदीक चलती स्विफ्ट कार को लगी आग।
लुधियाना केचीमा चौक और सोफिया चौक के बीच पुलिस चौकी जनकपुरी के नजदीक वीरवार रात चलती हुई Swift कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कार चला रहा युवक आशु चलती गाड़ी से छलांग लगाकर बाहर निकला और अपनी जान बचाई।
.
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में कार जलकर राख हो गई।
कार के बोनट से आग की लपटें उठी
आशु के मुताबिक वह हरगोविंद नगर का रहने वाला है और किसी जरूरी काम से चीमा चौक की तरफ से आ रहा था। जनकपुरी पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही अचानक कार के बोनट से आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआत में आग कम थी, लेकिन कुछ ही पलों में इसने भीषण रूप धारण कर लिया। आशु ने तुरंत कार से बाहर निकलकर शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद मांगी।
आग बुझाते आस-पास के लोग।
राहगीरों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने बुझाने की कोशिश की
घटना के बाद एक ऑटो सवार राहगीर ने अपनी गाड़ी में रखे फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद पास की एक फैक्ट्री से 3-4 अग्निशमन यंत्र लाकर भी आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई।
आग बुझाते दमकल कर्मी।
इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जनकपुरी पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को जानकारी दी। आशु का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
कार से निकलते समय गिरा मोबाइल, किसी ने उठा लिया
ड्राइवर आशु ने बताया कि आग लगने के बाद जैसे ही वह कार से बाहर निकला, उसका मोबाइल फोन गाड़ी के पास ही गिर गया। बाद में किसी व्यक्ति ने उसका मोबाइल उठा लिया। आशु ने बताया कि उसकी कार 2019 मॉडल की डीजल Swift है। पुलिस चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने कहा कि घटना स्थल पर पहुंच मौका देखा है। किसी का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग की गाड़ियां आधे घंटे बाद आई तब तक गाड़ी राख हो गई थी।