लीड बैंक मैनेजर की उपस्थिति में डाला गया था कैश
महराजगंज। शुक्रवार को बैंकर्स यूनियन के हड़ताल के बाद शनिवार को भी लोगों को कैश के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। लीड बैंक मैनेजर की उपस्थिति में सुबह 1.20 करोड़ रुपये डाले गए लेकिन दोपहर बाद एसबीआई का एटीएम ड्राई होने के कारण बंद हो गया।
शुक्रवार को बैंक बंदी के बाद शनिवार सुबह एटीएम में कैश पड़ा तो लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन दोपहर होते-होते कस्बे के अधिकांश एटीएम फिर से ड्राई हो गए। शाम चार बजे के लगभग एसबीआई के मुख्य शाखा के सामने का एटीएम संचालित मिला जहां लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए कैश निकालते देखे गए। यही स्थिति यूनियन बैंक एटीएम की भी देर शाम देखी गई।
यूनियन बैंक एटीएम पर कैश निकालने के लिए पहुंची रागिनी ने बताया कि हरतालिका तीज की खरीदारी के लिए कैश की जरूरत थी। शुक्रवार को बैंक बंद रहने के कारण आज एटीएम से कैश निकालना पड़ा। शाम के समय एक्सिस बैंक एटीएम का सर्वर फेल रहने के चलते ग्राहकों को निराशा हाथ लगी। मुरली ने बताया कि वह सुबह कैश के लिए आए थे लेकिन सर्वर की दिक्कत से कैश नहीं निकाल सके।
वर्जन
नगर के एसबीआई, पीएनबी, एचडीएफसी, यूनियन बैंक एटीएम में कैश डाला गया था लेकिन शाम को कुछ एटीएम में कैश खत्म होने की सूचना मिली। रविवार सुबह दोबारा कैश लोड कराया जाएगा।
-भूपेन्द्र मिश्रा, लीड बैंक मैनेजर, महराजगंज।