कृष्ण गुप्ता | नौतनवाॅ, महराजगंज4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
महाराजगंज पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (NH-24) पर केक काटकर रास्ता रोकने और राहगीरों की जान खतरे में डालने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों ने बाइक पर केक काटा था और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। यह घटना 25 सितंबर 2026 को नौतनवां थाना क्षेत्र के चंडीथान टोल प्लाजा के पास हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, 10-12 अज्ञात लड़कों ने 5-6 मोटरसाइकिलें NH-24 पर खड़ी कर दी थीं। उन्होंने सड़क को बाधित करते हुए बाइक पर केक काटा, जिससे राहगीरों के लिए खतरा पैदा हो गया। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया।
वीडियो वायरल होने के बाद नौतनवां पुलिस ने कार्रवाई की। थाना नौतनवां में इन युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 126 (1) के तहत मामला (FIR नंबर 191/2026) दर्ज किया गया।
आगे की कार्रवाई में, वायरल वीडियो से पहचान कर पांच आरोपियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत गिरफ्तार किया गया। उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोर्ट भेजा जा रहा है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल (UP56BE2942) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राज यादव (18 वर्ष, निवासी चंडीथान), अमित गिरी (18 वर्ष, निवासी मुड़ीला), हिमांशु जायसवाल (18 वर्ष, निवासी चंडीथान), अभिषेक यादव (18 वर्ष, निवासी मुड़िला) और शैलेष कुमार (18 वर्ष, निवासी मुड़िला) के रूप में हुई है। ये सभी नौतनवां थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह (चौकी प्रभारी संपतिहा), उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल गोपाल कुशवाहा, कांस्टेबल सुनील सिंह और कांस्टेबल सुनील सिंह यादव शामिल थे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।