MP Morning News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज बैतूल दौरा, MP से बीजेपी राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी आज करेंगे नामांकन दाखिल, MP स्थापना दिवस का भव्य जश्न कल 1 से 3 नवंबर तक


शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बैतूल दौरे पर रहेंगे, जहां वे जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री बैतूल जिले के लिए 443 करोड़ रुपये से अधिकके विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

वनवासियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए भी आज का दिन बेहद खास है। मुख्यमंत्री 3.69 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की बोनस राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। इससे दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा, पूर्व व पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के संग्राहक लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही, ग्राम वन समितियों को भी 13 करोड़ रुपये से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि का अंतरण किया जाएगा।

हरदीप सिंह पुरी आज करेंगे नामांकन दाखिल

मध्य प्रदेश से बीजेपी के राज्यसभा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। जानकारी के अनुसार, हरदीप सिंह पुरी आज सुबह 10:30 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद, ठीक सुबह 11 बजे वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेतृत्व के साथ मध्य प्रदेश विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन जमा करेंगे। पुरी राजधानी भोपाल पहुंच चुके है, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।  12 नवंबर को राज्यसभा उपचुनाव के लिए मतदान होगा।    

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम 

मुख्यमंत्री आज राजधानी भोपाल के साथ-साथ बैतूल और नई दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। सीएम दिन की शुरुआत भोपाल से करेंगे। सुबह 10:30 बजे वे पार्टी कार्यालय में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे वे विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा प्रत्याशी की नामांकन प्रक्रिया में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। दोपहर 12 बजे सीएम भोपाल से बैतूल के ग्राम मिलानपुर के लिए रवाना होंगे। सफर के दौरान ही, दोपहर 12:50 बजे वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडला में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ से जुड़ेंगे।

इसके बाद दोपहर 1:10 बजे बैतूल के ग्राम बडोरा में वे सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। दोपहर 1:30 बजे बैतूल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सीएम तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे और जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

बैतूल के कार्यक्रमों के बाद, दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री ग्राम मिलानपुर से वापस भोपाल के लिए रवाना होंगे। भोपाल पहुंचने के बाद शाम 4:20 बजे वे नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। दिल्ली पहुंचकर शाम 5:30 बजे वे एक स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और रात 9:30 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए वापस रवाना होंगे।

राजधानी में आज निकलेंगी सांस्कृतिक गौरव यात्राएं 

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर आज राजधानी भोपाल में सांस्कृतिक गौरव यात्राओं का भव्य आयोजन किया जा रहा है। स्थापना दिवस के इस पूर्वरंग में शहरभर में सांस्कृतिक और जनजातीय कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस आयोजन में प्रदेशभर से 400 से अधिक लोक और जनजातीय कलाकार शामिल हो रहे हैं, जो अपनी कला, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकनृत्यों के जरिए अनूठी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। यह पहल स्थापना दिवस पर जनभागीदारी बढ़ाने और सांस्कृतिक चेतना जगाने के उद्देश्य से की जा रही है। कार्यक्रम के अनुसार, राजधानी में दो प्रमुख सांस्कृतिक यात्राएं निकाली जाएंगी। पहली यात्रा दोपहर 12 बजे ज्योति टॉकीज चौराहे से शुरू होगी। यह यात्रा बोर्ड ऑफिस, 10 नंबर मार्केट, शाहपुरा लेक, कोलार रोड, नेहरू नगर और नीलबड़ से होते हुए रातीबड़ पहुंचेगी।

वहीं, दूसरी सांस्कृतिक यात्रा बैरसिया से शुरू होगी, जो नादरा बस स्टैंड, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, पिपलानी और अयोध्या नगर से गुजरते हुए आनंद नगर में समाप्त होगी। इन यात्राओं के माध्यम से आमजन को मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जाएगा।

MP स्थापना दिवस का भव्य जश्न कल 1 से 3 नवंबर तक

मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर कल से राजधानी भोपाल में भव्य जश्न का आगाज होने जा रहा है। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय ‘राज्यउत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस भव्य आयोजन की शुरुआत किसानों के सम्मान से होगी। ‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को अनूठे पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। इसके तहत किसानों को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट और 55 ई-स्कूटर प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देते हुए इस दौरान 102 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इन मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति के रूप में 1-1 लाख रुपये और प्रशस्ति-पत्र भेंट किए जाएंगे।

राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सुरों और कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पहले दिन मशहूर पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगी, साथ ही 71 बच्चों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके बाद 2 नवंबर को 20 से अधिक लोक एवं जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी, और 3 नवंबर को प्रसिद्ध लोक गायक मामे खान अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांधेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



Source link

Related posts

Makrana School Minor Rape Case

CG Morning News : CM साय जाएंगे बालोद…

Bihar Morning News : कृषि मंत्री करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, पूर्व सांसद आर. के. सिन्हा का अंतिम संस्कार आज