Nepal Viral Video : वो छटपटाता रहा… महिला ने कुत्ते को पकड़ा, फिर नदी में फेंका; वायरल वीडियो देख भड़के लोग 


नेपाल में इंसानियत को झकझोर देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में एक महिला पर एक कुत्ते को पुल से नीचे नदी में फेंकती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी है और लोग महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

महिला ने कुत्ते को पकड़कर नदी में फेंका

वीडियो में लाल कुर्ता-सलवार पहने एक महिला पुल पर कुत्ते को दोनों हाथों से पकड़े नजर आती है। कुत्ता खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश करता है, लेकिन महिला उसे दोबारा पकड़ लेती है। इसके बाद वह कथित तौर पर कुत्ते को पुल से नीचे नदी में फेंक देती है।

वीडियो में कुत्ते को नदी में गिरने के बाद पानी के बहाव के साथ आगे जाते हुए भी देखा जा सकता है। घटना का वीडियो किसी अन्य व्यक्ति ने बनाया है। वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और कुत्ते का बाद में क्या हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा

वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने घटना पर नाराजगी जताई। कई लोगों ने पुलिस से महिला की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लोग घटना की जांच की मांग कर रहे हैं।

सेती नदी से जुड़ा है मामला

मामले की जानकारी मिलने के बाद नेपाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सुदूरपश्चिम प्रदेश पुलिस कार्यालय, धनगढी के एसएसपी पदम बिष्ट के मुताबिक शुरुआती जानकारी में घटना बझाङ जिले की सेती नदी से जुड़ी बताई गई है।

पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर महिला की पहचान करने और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की पहचान और कुत्ते की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



Source link

Related posts

पुलिस छानती रही जंगल, डकैत ने मंदिर से बना दिया वीडियो… 60 हजार के इनामी कल्ली गुर्जर के वायरल दावे से मचा हड़कंप – mp rajasthan most wanted dacait kalli gurjar viral video maheshwara temple lcln

Bhagalpur News: ब्राउन शुगर के आरोप में युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल, Bhagalpur Hindi News

Bhagalpur News: हथियार के साथ वायरल युवक गिरफ्तार, कट्टा-पिस्टल व आठ कारतूस बरामद, Bhagalpur Hindi News