एक सनकी गर्लफ्रेंड, एक शर्मीला लड़का, एक जादू और जिंदगी बन जाती है जहन्नुम। 5 महीने के इंतजार के बाद हॉलीवुड हॉरर ‘ऑब्सेशन’ OTT पर रिलीज हो रही है। आप इसे हिंदी डब वर्जन में भी स्ट्रीम कर सकते हैं। IMDb पर 7.8 रेटिंग वाली इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 70627% से अधिक का प्रॉफिट कमाया है।
अमेरिकी फिल्म ‘ऑब्सेशन’ के राइटर-डायरेक्टर करी बार्कर हैं। उन्होंने इसे एडिट भी किया है। खास बात यह भी है कि करी बार्कर इससे पहले एक यूट्यूबर थे। यह फिल्म 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। जबकि इससे पहले इसका प्रीमियर पिछले साल 05 सितंबर 2025 को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। IMDb पर ‘Obsession’ को 7.8 रेटिंग दी गई है।
Obsession Movie OTT रिलीज: कब और कहां देखें
माइकल जॉनस्टन और इंडे नवरेट स्टारर ‘ऑब्सेशन’ का भारत में OTT प्रीमियर 30 अक्टूबर 2026 को शाम 7:00 बजे होगा। आप इसे JioHotstar पर ‘पीकॉक हब’ के जरिए देख सकते हैं। मूल रूप से अंग्रेजी में बनी यह फिल्म हिंदी डब वर्जन में भी स्ट्रीम की जा सकेगी।
‘ऑब्सेशन’ की कहानी
फिल्म की कहानी बड़ी दिलचस्प और रोमांचक है। माइकल जॉनस्टन ने इसमें ‘बेयर’ नाम के एक लड़के का किरदार निभाया है। वह एक शर्मीले स्वभाव का कम बोलने वाला युवा है। बेयर एक म्यूजिक स्टोर में काम करता है। उसकी जिंदगी में खुशी की सबसे बड़ी वजह उसकी पुरानी दोस्त निक्की (इंडे नवरेट) है। बेयर उसे दिल ही दिल में बहुत पसंद करता है। निक्की भी बेयर के साथ ही म्यूजिक स्टोर में काम करती है। लेकिन अफसोस ये है कि वह कभी निक्की से अपनी दिल की बात कह नहीं पाता। उसे डर है कि कहीं दोस्ती टूट न जाए। लेकिन इसके बाद कहानी में ट्विस्ट आता है।
बेयर ने खरीदा खिलौना, मांगी विश और बदल गई जिंदगी
हिचकिचाहट के बीच अपनी भावनाओं दिल में दबाने वाला बेयर एक दिन एक खिलौना खरीदता है। इसे ‘One Wish Willow’ कहते हैं, जो पुराना और अनोखा खिलौना है। कहते हैं कि यह खिलौना लोगों की इच्छा पूरी करता है। प्यार में डूबा बेयर भी एक विश मांगता है। वह कहता है निक्की उसे प्यार करे, हद से ज्यादा, दुनिया में किसी भी चीज से अधिक, वह बस बेयर को प्यार करे। बस, फिर क्या था। बेयर की यह मुराद पूरी हो जाती है। हालांकि, इसके बाद जो कहानी प्यार के रूमानी अंदाज में आगे बढ़नी चाहिए थी, वह खौफ का समंदर बन जाती है।
प्यार में पागल निक्की के जुनून का खतरनाक रूप
विश के हिसाब से निक्की अब बेयर को दिल-ओ-जान से प्यार करने लगती है। हद से ज्यादा, दुनिया में किसी भी चीज से अधिक। लेकिन इसके नतीजे बेहद डरावने हैं, क्योंकि निक्की अब बेयर के लिए ‘ऑब्सेस्ड’ यानी जुनूनी हो गई है। वह हर पल बेयर से चिपकी रहती है। उसे हर एक बात, हर एक मिनट का हिसाब चाहिए। यह सब जल्द ही बेयर के लिए उसकी जिंदगी का सबसे डरावना सपना बन जाता है।
‘ऑब्सेशन’ का ट्रेलर
‘ऑब्सेशन’ के क्लाइमेक्स में चौंकाने वाला खुलासा
अब जैसे-जैसे उस खिलौने के जादू के कारण बेयर के लिए निक्की का जुनून बढ़ता है, कहानी हॉरर में बदलती जाती है। आगे बेयर और निक्की के कुछ और दोस्त इयान (कूपर टॉमलिंसन) और सारा (मेगन लॉलेस) की भी एंट्री होती है। निक्की का दीवानापन इस हद तक बढ़ जाता है कि वह जान लेने के लिए भी उतारू हो जाती है। अब सवाल है कि क्या बेयर इस बेकाबू हालात पर काबू पा सकेगा? क्या वह निक्की को उसके साइकोपन से निजात दिला पाएगा? इन सवालों के जवाब के लिए आपको यह फिल्म देखनी होगी। लेकिन ट्विस्ट अभी खत्म नहीं हुआ है, क्योंकि क्लाइमेक्स में एक चौंकाने वाला खुलासा होगा।