Orai News: आटा (उरई), संवाददाता। आग से जली एक महिला की 11 दिन बाद सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें महिला ने बताया कि उसके पति ने अपने पिता के कहने पर पेट्रोल डालकर उसे जला दिया। बच्चे चीखते रहे कि पापा मम्मी को बचा लो..कमरे से बाहर निकालो लेकिन उनकी किसी न सुनी। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान नहीं करता है।ग्राम पडुई थाना कुरारा जिला हमीरपुर निवासी सत्यनारायण ने बताया कि उनकी 31 वर्षीय बहन रामश्री की शादी आटा क्षेत्र के परासन गांव के मजरा मोहरदेवी के रहने वाले अजय के साथ हुई थी।
24 सितंबर की रात घर से धुआं उठता देख पड़ोसी पहुंचे तो देखा की रामश्री आग की लपटों से घिरी है। किसी तरह उसे कमरे से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज जे जाया गया। जहां उसे झांसी और फिर कानपुर रेफर कर दिया गया। इलाज में आराम न मिलने पर सोमवार को परिजन उसे लेकर सैफई जा रहे थे। सैफई पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर रामश्री का वीडियो वायरल हुआ। इसमें उसने बताया कि उनके पति ने अपने पिता के कहने पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। उसके बच्चे बचाने की गुहार लगाते रहे लेकिन किसी ने नहीं सुना। इस संबंध में आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की जांच कराई जा रही है।