Prayagraj News: प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। धूमनगंज क्षेत्र में टहलकर घर लौट रहे पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त दरोगा हीरालाल को स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में वैन चालक के खिलाफ धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। गयासुद्दीनपुर टीपी नगर निवासी हीरालाल पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 सितंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह रोज की तरह टहलने निकले थे। लौटते समय दुकान से सामान लेकर घर जा रहे थे। तभी एक स्कूल की वैन लेकर आ रहे चालक नागेश ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक वैन लेकर भाग गया। हादसे में हीरालाल के पीठ, सीने, पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं। परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए नारायण स्वरूप अस्पताल ले गए। परिजनों ने घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन से भी शिकायत की गई। पीड़ित के बेटे अरविंद कुमार की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने वैन चालक नागेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।