लंढौरा। क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल चोरी का मामला एक बार फिर सामने आया है। शनिवार को कस्बे के रिहायशी इलाके में बने एक गोदाम में खड़े हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड के टैंकर से दो अज्ञात लोगों की ओर से पाइप के जरिये तेल चोरी करने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के थिथौला गांव से कई वर्षों से तेल चोरी की शिकायतें मिलती रही हैं। अब लंढौरा के आबादी वाले इलाकों में भी ऐसी गतिविधियां सामने आने लगी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पहले भी टैंकरों से पेट्रोल-डीजल चोरी के मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस और संबंधित विभाग कार्रवाई कर चुके हैं। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर टैंकर रोककर तेल चोरी किए जाने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, रात के समय थिथौला गांव के सुनसान इलाकों में भी तेल चोरी की गतिविधियां जारी हैं। मामले में एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है। पुलिस को निर्देश देकर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।