शामली। जिले में मौसम में बदलाव के साथ हवा की गुणवत्ता भी बिगड़ रही है। सोमवार को सुबह आठ बजे तक धुंध छाई रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 164 रहा, जो मध्यम श्रेणी में शामिल है। उधर, दिन में धूप निकलने से मौसम साफ रहा। पिछले 24 घंटे में तापमान में बदलाव नहीं आने से स्थिर बना रहा।
सोमवार को सुबह को धुंध छाई रही, जिससे सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही। सुबह आठ बजे धुंध छंटने के बाद धूप निकली। इसके बाद मौसम साफ हुआ। शाम को पांच बजे के बाद फिर से धुंध सी छा गई। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज अखौरी ने बताया कि वायु प्रदूषण बढ़ने से सांस व हृदय रोगियों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चे और बुजुर्गों को भी बचाव करना चाहिए। जरूरी होने पर ही घर से बाहर फेस मास्क लगाकर निकलना चाहिए।
उधर, तापमान की स्थिति देखे तो पिछले 24 घंटे में तापमान में कोई बदलाव नहीं आया। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि मंगलवार को मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना है।
एक्यूआई के मानक
• 0 से 50 : अच्छा
• 51 से 100 : संतोषजनक
• 101 से 200 : मध्यम
• 201 से 300 : खराब
• 301 से 400 : बेहद खराब
• 401 से 500 : गंभीर श्रेणी