Shamli News: चौसाना। टोडा बिजली उपकेंद्र से संबंधित एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उपकेंद्र पर जिम्मेदार अधिकारी की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए गए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर उपकेंद्र की व्यवस्थाओं और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की जांच कराने की मांग की है। वायरल वीडियो में टोडा के पूर्व ग्राम प्रधान सतेन्द्र कुमार उपकेंद्र परिसर में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह उपकेंद्र पर जिम्मेदार अधिकारी के मौजूद नहीं होने की बात कहते हुए व्यवस्था को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई देता है, जिससे उसकी जिम्मेदारी को लेकर सवाल किया जा रहा है। ग्रामीणों की ओर से अधिकारियों को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ ड्यूटी के दौरान अपने निर्धारित कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इससे बिजली संबंधी शिकायतों के निस्तारण में देरी होती है और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एसएसओ द्वारा ग्रामीणों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा अपनी उच्च अधिकारियों तक पहुंच होने की बात कहकर उन्हें धमकाया जाता है। इसके अलावा शिकायतकर्ताओं ने उपकेंद्र परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने को लेकर भी आपत्ति जताए जाने का आरोप लगाया है। संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत में लगाए गए आरोपों पर बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका है। सतेन्द्र पूर्व प्रधान,मोनू,वकील,सेमपाल,हरेन्द्र,रामफल,प्रमोद कश्यप ने एसएसओ के खिलाफ शिकायत की है।