Sonu-Salman Viral Video : बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर सफाई दी है। वीडियो में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि सोनू निगम अभिनेता सलमान खान के गाने ‘मैं हूं हीरो तेरा’ पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका मजाक उड़ा रहे हैं। हालांकि, सोनू ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो को एडिट करके गलत संदर्भ में पेश किया गया है। उनकी प्रतिक्रिया का सलमान खान या इस गाने से कोई संबंध नहीं है।
एडिटेड वीडियो में जोड़ा गया सलमान खान का गाना
वीडियो में पहले सलमान खान को टीवी पर ‘मैं हूं हीरो तेरा’ गाते हुए दिखाया गया। इसके बाद सोनू निगम का एक पुराना वीडियो जोड़ा गया, जिसमें वह माथे पर हाथ रखते और भावुक अंदाज में प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं। सोनू की पुरानी प्रतिक्रिया को इस तरह पेश किया गया, जिससे लगा कि वह सलमान खान की गायकी पर टिप्पणी कर रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल होने लगा।
सोनू निगम ने बताया किसकी परफॉर्मेंस पर था रिएक्शन
सोनू निगम ने खुद इस एडिटेड वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए इसकी सच्चाई बताई। उन्होंने कहा कि यह प्रतिक्रिया एक पाकिस्तानी बच्ची सिंगर की परफॉर्मेंस देखने के दौरान रिकॉर्ड की गई थी। उनका यह रिएक्शन पाकिस्तानी सिंगर हादिया हाशमी की परफॉर्मेंस पर था। उन्होंने वायरल वीडियो को लेकर हैरानी जताते हुए कहा कि इंटरनेट पर कुछ भी देखने को मिल सकता है।
2020 का है सोनू निगम का पुराना वीडियो
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू निगम का यह मूल वीडियो साल 2020 का है। उस समय उन्होंने पाकिस्तानी सिंगर हादिया हाशमी की ‘बोल हू’ परफॉर्मेंस पर प्रतिक्रिया दी थी। सोनू ने युवा सिंगर की तारीफ करते हुए बताया था कि उनकी गायकी ने उन्हें भावुक कर दिया था। सोनू के मुताबिक, अभिनेता और टीवी पर्सनैलिटी जावेद जाफरी ने उन्हें हादिया की परफॉर्मेंस भेजी थी। इसे सुनने के बाद सोनू इतने प्रभावित हुए कि उनकी आंखों में आंसू आ गए थे।
सोशल मीडिया यूजर्स ने भी पहचाना पुराना वीडियो
सोनू निगम की सफाई के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी कमेंट कर बताया कि उन्होंने यह पुराना वीडियो पहले देखा है। एक यूजर ने लिखा कि उसे सोनू का यह वीडियो याद है, जबकि दूसरे ने बताया कि यह ‘बोल हू’ गाने की परफॉर्मेंस से जुड़ा हुआ था। इस तरह सोनू निगम ने साफ कर दिया है कि वायरल वीडियो में उनकी प्रतिक्रिया को सलमान खान के गाने से जोड़ना गलत है और दोनों वीडियो को एडिट करके एक साथ पेश किया गया है।