Weather Update: 15 नवंबर के बाद बदलेगा उत्तर भारत का मौसम, कानपुर में सुबह धुंध दोपहर में धूप


जागरण संवाददाता, कानपुर। दीपावली के बाद बढ़े प्रदूषण के बीच मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है। शुक्रवार सुबह शहर में धुंध छाई रही, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हुआ और तेज धूप निकली। दोपहर में गर्मी का एहसास हुआ तो सुबह और रात में हल्की ठंडक बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि फिलहाल वर्षा की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटे मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण रात के तापमान में गिरावट सीमित है, जबकि दिन में तेज धूप तापमान बढ़ा रही है। इसी वजह से सुबह-रात हल्की ठंड और दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है।

उन्होंने बताया कि देश में पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण, निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ लाइन जैसी मौसमी प्रणालियां सक्रिय हो रही हैं। इनके प्रभाव से अरब सागर समेत अन्य क्षेत्रों से नमी वाली हवाएं उत्तर भारत की ओर आ सकती हैं। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और पंजाब, हरियाणा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही हो सकती है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार भी बन सकते हैं। इन मौसमी बदलावों का असर 15 नवंबर के बाद देखने को मिल सकता है।

इधर, चिड़ियाघर में सर्दियों का मेन्यू तैयार

सर्दियों की दस्तक के साथ ही कानपुर चिड़ियाघर में वन्यजीवों की खुराक बदल दी गई हैं। ठंड में पर्याप्त ऊर्जा देने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने वन्यजीवों की खुराक बढ़ाने के साथ ही उसमें पौष्टिक आहार भी शामिल किया है। अब पक्षियों को रोजाना उबला अंडा, मूंगफली और अखरोट परोसे जा रहे हैं तो भालुओं की खुराक में शहद दिया जाने लगा है। दूसरी ओर शेर और बाघ के भोजन में मीट की मात्रा बढ़ाकर नौ किलो तक कर दी गई है। शाकाहारी वन्यजीवों को गुड़ और चना खिलाया जा रहा है।



Source link

Related posts

Morning News Brief | Rahul Gandhi Phone Tapping Allegation & Gold Price Fall

Dainik Bhaskar Morning News Brief Morning News Brief

Basti News:कार्तिक महोत्सव के 18वें दिन निकाली गई प्रभातफेरी – A Morning Procession Was Taken Out On The 18th Day Of The Kartik Festival