अटकती थी आवाज, फिर कैमरा फेस कर बनाया वीडियो… वायरल हुआ इस शख्स का इमोशनल व्लॉग – karnataka boy face social anxiety emotional blog goes viral rttw


सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे वीडियो वायरल होते हैं, जिन्हें देखकर लोगों को काफी मोटिवेशन मिलता है. कर्नाटक के बेलगावी के 16 साल के नरहरि गुलबानी का एक वीडियो भी इन दिनों काफी वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह कैमरे के सामने अपनी सोशल एंग्जायटी यानी लोगों के बीच जाने और उनसे बात करने को लेकर होने वाली झिझक का सामना करने की कोशिश करता नजर आ रहा है. खास बात यह है कि बोलते समय वह कई बार अटकता है, लेकिन कैमरा बंद नहीं करता.

कैमरे के सामने कही दिल की बात
नरहरि ने अपना व्लॉग शुरू करते हुए कैमरे की तरफ देखकर कहा कि वह अपनी सोशल एंग्जायटी को दूर करने और दूसरे लोग क्या सोचेंगे, इसकी परवाह न करने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद वह बोलना शुरू करता है, लेकिन कई शब्दों पर उसकी आवाज अटक जाती है. वीडियो में उसकी झिझक साफ दिखाई दे रही है. आमतौर पर ऐसी स्थिति में कोई व्यक्ति कैमरा बंद कर सकता है या वीडियो रिकॉर्ड करना छोड़ सकता है. लेकिन नरहरि ऐसा नहीं करता. वह रुक-रुक कर अपनी बात कहता रहता है और वीडियो जारी रखता है. यही बात लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आई. 

अटकती आवाज के बावजूद नहीं रुका
नरहरि के वीडियो की खास बात उसकी परफेक्ट स्पीच नहीं, बल्कि कोशिश है. वह कैमरे के सामने सहज नहीं था. बोलते समय उसे परेशानी हो रही थी, फिर भी उसने खुद को रोकने के बजाय अपनी बात पूरी करने की कोशिश की. वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद लोगों ने उसके लिए अपना समर्थन दिखाया. कई लोगों ने कहा कि डर या झिझक के बावजूद खुद को सामने लाना ही इस वीडियो की सबसे खास बात है. लोगों ने उसे आगे भी वीडियो बनाते रहने और दूसरों की सोच की ज्यादा चिंता न करने के लिए इनकरेज किया. 

वीडियो देखकर भावुक हुए लोग
इस वीडियो को एक्स पर अनुष्का नाम की यूजर ने शेयर किया था. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि इसे देखने के बाद वह भावुक हो गईं. इसके बाद वीडियो को कई लोगों ने आगे शेयर किया और यह ज्यादा लोगों तक पहुंच गया. ‘द स्लो मूवमेंट’ के संस्थापक नीलेश मिश्रा ने भी इस वीडियो को शेयर किया. उन्होंने नरहरि को प्यार और हौसला देते हुए कहा कि उसे व्लॉग बनाते रहना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि उसमें व्लॉगिंग की स्वाभाविक क्षमता दिखाई देती है. इस वीडियो पर एक मिलियन व्यूज है.

लोगों ने कहा- दूसरों की सोच से ज्यादा जरूरी खुद पर भरोसा
वीडियो पर आए कमेंट्स में लोगों ने नरहरि को लेकर काफी पॉजिटिव बातें लिखीं. कुछ लोगों ने उसकी कोशिश की तारीफ की, तो कुछ ने उसे आगे बढ़ते रहने के लिए कहा. कई यूजर्स ने उसके लिए खुशी, शांति और अच्छे लोगों के साथ की कामना भी की. नरहरि का यह छोटा सा व्लॉग इसलिए लोगों को छू रहा है क्योंकि इसमें कोई बड़ी कहानी या बनावटी मोटिवेशन नहीं है. इसमें एक ऐसा लड़का दिखाई देता है, जो खुद अपनी झिझक के सामने खड़ा होने की कोशिश कर रहा है. उसकी आवाज कई बार अटकती है, लेकिन उसकी कोशिश नहीं रुकती.

सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो इसी वजह से लोगों के बीच चर्चा में है. यह दिखाता है कि कैमरे के सामने परफेक्ट होना जरूरी नहीं है. कभी-कभी अपनी कमजोरी के बावजूद कोशिश करते रहना ही सबसे बड़ी बात होती है.

—- समाप्त —-



Source link

Related posts

दिलेर खरकिया पर फायरिंग मामला:गाने के विवाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल, छह माह पहले मांगी थी रंगदारी – Firing Incident Involving Diler Kharkiya, Social Media Post Regarding A Song Dispute Goes Viral

सिद्धार्थनगर: वाई-फाई लगाने को लेकर विवाद, जमकर चले लाठी-डंडे

वायरल फीवर का कहर:गले में दर्द-सूजन, तेज खांसी और स्वाद गायब…आगरा में तेजी से बढ़ रहे मरीज – Viral Fever Cases Rise As Patients Report Severe Cough, Sore Throat And Loss Of Taste