आगरा में पशु क्रूरता. (Photo Credit : ETV Bharat)
आगरा : सैंया थाना क्षेत्र स्थित पशुहाट मैदान के पास खुलेआम आग में कुत्ते को जलाने का वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है. हालांकि स्पष्ट नहीं है कि पशु कौन सा है. ईटीवी भारत भी तथाकथित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. बहरहाल पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में किसी पशु के भून कर खाने की बात सामने आई है.
बताया जा रहा है कि सैंया थाना क्षेत्र स्थित पशुहाट मैदान के पास तीन खाना बदोश परिवार कई दिनों से डेरा डाले हुए थे. सोशल मीडिया पर अजय सिंह सिकरवार नामक यूजर की ओर से शेयर किए एक वीडियो में कुत्ते को आग पर जलाते हुए दिखाया गया है. साथ ही कुछ फोटो भी शेयर किए गए हैं.
पोस्ट में लिखा गया है कि सैंया थाना क्षेत्र के पशुहाट मैदान में खुलेआम कुत्ते के साथ अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया गया. जिसमें एक चूल्हे पर किसी पशु (कुत्ते) को भूना गया है. पास में कुछ पुरुष और महिलाएं भी मौजूद हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो व पोस्ट के बाद पशु प्रेमियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की. इसके बाद पुलिस हरकत में आई.
सैंया थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर प्राथमिक जांच में पता चला कि पशुहाट मैदान के पास खानाबदोश जाति के परिवार रहते हैं. इन्हीं में से किसी ने जानवर पकाया था. पूछताछ में पता चला कि किसी परिवार को एक बड़ी बिल्ली जैसा दिखने वाला बिलाऊ मृत मिला था. जिसे ही आग पर भूना गया था जो वीडियो में कुत्ते जैसा दिख रहा है. आरोपियों के नाम मिल गए हैं. हालांकि आरोपी परिवार के सभी लोग फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है.