‘बिग बॉस 6’ के कंटेस्टेंट रहे इमाम सिद्दीकी ने सलमान खान के नाम ओपन लेटर लिखा है। सुपरस्टार को शो में ‘टाइम आउट’ कहने वाले इमाम ने ‘बिग बॉस 20’ के हालिया एपिसोड पर आपत्ति जताई है, जिसमें सलमान ने उनका नाम लिया। इमाम ने कहा कि आपकी बातें ‘अपमानजनक’ हैं, अपने फैक्ट्स सही कीजिए।
बीते ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान कंटेस्टेंट काजी तौकीर को समझा रहे थे। कनिका मान के साथ उनके बर्ताव के लिए डांट रहे थे। ‘लॉलीपॉप’ वाले कमेंट पर समझाइश के दौरान, सलमान ने इमाम सिद्दीकी का जिक्र किया। कहा कि इमाम ने भी रियलिटी शो में अपने समय के दौरान दूसरे कंटेस्टेंट्स को परेशान करने का मन बना लिया था। अब इमाम ने इस पर पलटवार किया है। उन्होंने ‘ओपन लेटर’ में कहा कि उन्होंने ‘बिग बॉस 6’ के दौरान कभी भी किसी कंटेस्टेंट को परेशान करने के इरादे से तंग नहीं किया।
इमाम सिद्दीकी ने सलमान से कहा- आपकी बातें बहुत अपमानजनक
सलमान के नाम इंस्टाग्राम पर अपने ‘खुला खत’ में इमाम सिद्दीकी लिखते हैं, ‘आपके हालिया बिग बॉस 20 के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड (शनिवार, 3 अक्टूबर 2026) में, आपने नेशनल टेलीविजन पर मेरा नाम इस तरह लिया जो मुझे बहुत अपमानजनक और तथ्यों के हिसाब से गलत लगा। आपने कहा कि ‘इमाम सिद्दीकी ने भी ऐसा किया था…’ – यह बात गलत है। मैंने कभी भी किसी कंटेस्टेंट को परेशान करने के इरादे से तंग नहीं किया।’
‘यह मेरे परिवार, मेरे 44 साल के काम को गंभीर नुकसान पहुंचता है’
इमाम ने आगे लिखा है, ‘बिग बॉस सीजन 6 में मेरा सफर एंटरटेनमेंट, टास्क और परफॉर्मेंस पर आधारित था। मैंने सम्मान के साथ अपना सफर पूरा किया। जब करोड़ों दर्शकों के सामने मेरा नाम एक नकारात्मक उदाहरण के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, और मैं अपना बचाव करने के लिए वहां मौजूद नहीं होता, तो इससे मेरी प्रतिष्ठा, एडवरटाइजिंग, ब्रॉडकास्टिंग, कॉर्पोरेट, डिजाइन, शिक्षा, इवेंट्स, एंटरटेनमेंट, फैशन और मेरे परिवार के सम्मान में मेरे 44 साल के काम को गंभीर नुकसान पहुंचता है।’
इमाम सिद्दीकी ने सलमान खान की शो में सफाई देने की मांग
इमाम ने इसके बाद सलमान खान से इस पर सफाई देने की मांग की है। उन्होंने लिखा, ‘आपके और बिग बॉस प्लेटफॉर्म के प्रति पूरे सम्मान के साथ, मैं विनम्रतापूर्वक शो पर सफाई और सुधार की मांग करता हूं। यह भी कि भविष्य में मेरे नाम का इस्तेमाल अपमानजनक संदर्भ में न किया जाए।’ इमाम ने आखिर में सलमान को अपना ‘बड़ा भाई’ बताया और कहा, ‘मैंने हमेशा इंडस्ट्री में आपको बड़े भाई के तौर पर सम्मान दिया है और आगे भी देता रहूंगा। मुझे उम्मीद है कि आप इस मामले को उसी निष्पक्षता से देखेंगे, जैसा आप घर के अंदर दिखाते हैं।’
‘बिग बॉस 6’ में जब सलमान ने लगाई थी इमाम सिद्दीकी को फटकार
इमाम सिद्दीकी कौन हैं?
इमाम सिद्दीकी एक एक्टर, कॉस्ट्यूम डिजाइनर और फिल्म प्रोडक्शन के जुड़े काम के लिए जाने जाते हैं। ‘बॉस सीजन 6’ में वह रनर-अप रहे थे। यह शो 2012 से 2013 तक चला था, जिसकी विनर उर्वशी ढोलकिया बनी थीं। इमाम ने ‘वीर जारा’ और ‘शादी से पहले’ जैसी फिल्मों के लिए कॉस्टयूम और वॉर्डरॉब डिपार्टमेंट में काम किया है। फिल्म ‘होटल ब्यूटीफूल’ में वह एक छोटे से रोल में भी नजर आए हैं।
इमाम सिद्दी अब कहां हैं?
इमाम सिद्दीकी अभी मुंबई में रहते हैं। वह कास्टिंग डायरेक्टर और फिल्मों से जुड़े क्रिएटिव प्रोफेशनल के तौर पर काम कर रहे हैं। वह फैशन, स्टाइलिंग, डिजिटल आर्ट और AI-आधारित मीडिया जैसे काम में एक्टिव हैं। साथ ही वह ‘IMAM, I, ME, & MYSELF’ नाम से अपनी आत्मकथा पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बीते कुछ साल में डिजाइन मेंटर और गेस्ट स्पीकर के तौर पर ‘वोग स्कूल ऑफ डिजाइन और वर्चुअल इंटरनेशनल पीस फोरम’ जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। वह कभी-कभी अपने ‘इमाम अफरोज अमीर सिद्दीकी’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपडेट और जानकारी भी शेयर करते रहते हैं।