एक्ट्रेस सेल्मा ब्लेयर ने खुलासा किया है कि 2 साल पहले ‘इस्लाम विरोधी’ बयान उनकी बड़ी गलती थी। 54 साल की ‘हेलबॉय’ फेम एक्ट्रेस ने कहा कि उस एक टिप्पणी ने उनका हॉलीवुड करियर खत्म कर दिया। उनके प्राजेक्ट्स छिन गए। उनके पार्टनर्स, वकील, मैनेजर, दोस्त, सब उन्हें छोड़कर चले गए।
सेल्मा ब्लेयर ने दो साल पहले फरवरी 2024 में इजराइल-हमास युद्ध के दौरान सीरियाई-यहूदी शरणार्थी अब्राहम हमरा के एक इंस्टाग्राम वीडिया पर ‘एंटी-इस्लाम’ कमेंट किया था। एक्ट्रेस ने लिखा था, ‘आतंकवादियों का समर्थन करने वाले इन गुंडों को देश से निकाल दो। इस्लाम ने मुस्लिम देशों को बर्बाद कर दिया है और फिर वे यहां आकर लोगों की सोच खराब करते हैं। वे जानते हैं कि वे झूठे हैं। टेढ़े-मेढ़े तर्क देते हैं। उन्हें उनके किए की सजा मिले।’
सेल्मा ब्लेयर बोलीं- प्रोजेक्ट्स छिन गए, पार्टनर, वकील, एजेंट सब छोड़ गए
एक्ट्रेस के इस बयान पर तुरंत शोर मचना शुरू हो हो गया था। ट्रोलिंग को देखते हुए सेल्मा ने यह कमेंट हटा लिया था। लेकिन इसके ठीक बाद CAA में उनके एजेंट्स और पब्लिसिटी टीम से भी उनसे नाता तोड़ लिया। ‘हॉलीवुड रिपोर्टर’ की खबर के मुताबिक, अब सेल्मा ब्लेयर ने इवेंट में कहा, ‘मैं जानती हूं कि सब कुछ खत्म हो जाने का एहसास कैसा होता है। जिन ब्रांड्स के साथ मैंने काम किया था, वे एक दिन में ही चले गए। कुछ पार्टनरशिप जिन्हें बनाने में मैंने सालों लगाए थे, उन्हें रोक दिया गया। मेरी एजेंसी चली गई। मेरा वकील चला गया। मेरा पब्लिसिस्ट चला गया। मेरा बुक एजेंट चला गया। मेरा बुक पब्लिसिस्ट चला गया। मेरा सोशल मीडिया मैनेजर चला गया। मेरे बेटे की गॉडमदर चली गई, जो मेरी सबसे अच्छी दोस्त थी।’
‘मैंने माफी मांगी, लेकिन किसी ने मेरा फोन तक नहीं उठाया’
सेल्मा ब्लेयर ने बताया कि उस एक इस्लाम विरोधी बयान के बाद इंडस्ट्री में उनके ज्यादातर दोस्त भी उन्हें छोड़कर चले गए। वह बोलीं, ‘मेरा मैनेजर जो 30 साल से मेरा दोस्त था और खुद एक यहूदी था, वह भी चला गया। मुझे अब भी नहीं पता कि वे सब क्या सोच रहे थे। किसी ने भी मेरे फोन का जवाब नहीं दिया। मेरी उस टिप्पणी से लोगों को बुरा लगा और मैंने तुरंत माफी भी मांगी। बिना किसी शर्त के। मैंने तब भी दिल से माफी मांगी थी और अब भी मांग रही हूं।’
सेल्मा ब्लेयर बोलीं- मेरा बेटा टीनएजर है, उसे मुझसे शर्म आनी चाहिए
मिशिगन में पैदा हुईं एक्ट्रेस ने दो पहले हुई ट्रोलिंग और उस डर का खुलासा किया, जिसने उन्हें खौफ से भर दिया। सेल्मा ब्लेयर ने बताया, ‘मेरा बेटा आर्थर, जो अब 15 साल का है। वह टीनएजर है। उसे मुझसे शर्म आनी चाहिए, न कि मेरे लिए डरना चाहिए। करियर तो वापस आ जाते हैं, लेकिन बचपन के साल वापस नहीं आते। मैं किसी की हमदर्दी नहीं चाहती। मैं फिर से काम कर रही हूं। मेरे पास एक ऐसी टीम है जिसके साथ मैं आग में भी चल सकती हूं। मैं चाहती हूं कि आप यह बात तब जानें कि उस गलती ने मुझ पर कितना गहरा असर डाला।’
सेल्मा ब्लेयर ने माना- मुझसे बड़ी गलती हुई, मैंने गलत शब्द कहे
अपने दो साल पुराने बयान पर फिर से सफाई देते हुए सेल्मा ब्लेयर ने कहा, ‘तब देश के सबसे बड़े मुस्लिम नागरिक अधिकार संगठन ‘काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस’ (CAIR) ने इसकी निंदा की। मैंने माफी मांगी। गलती से और अनजाने में मुसलमानों को कट्टरपंथी इस्लामवादियों और कट्टरपंथियों के साथ मिला दिया था। यह एक बहुत बड़ी गलती थी। इससे अनजाने में ही बहुत से लोगों को दुख पहुंचा और मुझे इसका गहरा अफसोस है।’
‘मेरे मुस्लिम दोस्तों ने ही मुझे रास्ता दिखाया’
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मैं दुनिया भर के सभी शांति-पसंद समुदायों का सम्मान करती हूं और उनसे प्यार करती हूं। मेरे मुस्लिम दोस्तों ने ही मुझे सही जानकारी दी और सही रास्ता दिखाया। मैं उनके प्यार और समझदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। हम अज्ञानता और गुस्से को अपनी बर्बादी का कारण नहीं बनने दे सकते।’
‘क्रिमिनल माइंड्स’में नजर आएंगी सेल्मा ब्लेयर
वैसे, सेल्मा ब्लेयर के पास अब कई प्रोजेक्ट्स हैं। वह ‘क्रिमिनल माइंड्स’ की कास्ट में शामिल हुई हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही इजराइल-हमास युद्ध पर बनी ड्रामा फिल्म ‘स्टे फोर्टे’ में भी काम किया है।
सेल्मा ने किया था मल्टीपल स्केलेरोसिस बीमारी का खुलासा
इससे पहले साल 2018 में सेल्मा ने बताया था कि उन्हें मल्टीपल स्केलेरोसिस (MS) है। हालांकि, इसी साल जनवरी में ‘न्यू ब्यूटी’ के साथ एक इंटरव्यू में, उन्होंने अपनी बीमारी से लड़ाई के बारे में अच्छी खबर दी। बताया कि वह रिलेप्स-फ्री हैं। यानी अब बीमारी दोबारा लौटकर नहीं आएगी। सेल्मा ने कहा, ‘आखिरकार मुझे अपने लिए सही इलाज मिल गया। इसमें कई साल लगे और कई बार कोशिशें नाकाम भी रहीं। लेकिन मैंने हार नहीं मानी।’