बॉक्स ऑफिस पर टक्कर अब पक्की हो गई है! सलमान खान की ‘मातृभूमि’ और श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होंगी. दोनों फिल्मों की टीमों ने अपनी-अपनी रिलीज तारीखों की पुष्टि कर दी है, जिससे बॉलीवुड के इन दो सितारों के बीच बॉक्स ऑफिस पर एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा.
हालांकि, 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म को सलमान खान ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शुभकामनाएं दी हैं. सलमान खान ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म ‘ईठा’ का पोस्टर शेयर करते हुए पूरी टीम को बधाई दी. इस पोस्ट में उन्होंने एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर, निर्माता दिनेश विजान और मैडॉक फिल्म्स को विशेष रूप से टैग और मेंशन किया है.
गौरतलब है कि इंडस्ट्री में जब कोई सुपरस्टार किसी फिल्म के पक्ष में इस तरह सामने आता है, तो इसे एक मजबूत और पॉजिटिव समर्थन यानी एंडोर्समेंट माना जाता है. ‘ईठा’ के लिए यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब फिल्म का प्रमोशन सुर्खियों में है, जिससे इसे बॉक्स ऑफिस और दर्शकों के बीच अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाने में भरपूर मदद मिल रही है.
श्रद्धा कपूर का नया अवतार
यह फिल्म सिर्फ इसलिए चर्चा में नहीं है कि इसके पीछे बड़े नाम जुड़े हैं, बल्कि इसलिए भी है क्योंकि इसमें श्रद्धा कपूर एक ऐसे अनोखे और चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आने वाली हैं, जो उनकी पिछली कमर्शियल फिल्मों से एकदम अलग है. दर्शक लंबे समय से श्रद्धा के इस नए रूप को देखने के लिए बेताब हैं.
पोस्टर और टीजर में जिस तरह की विजुअल अपील और थीम दिखाई गई है, उससे यह साफ हो जाता है कि यह फिल्म किसी लीक से हटी हुई कहानी पर आधारित है, जो आम दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने का पूरा दम रखती है.
17 साल बाद सलमान का क्लैश
दिलचस्प बात यह है कि 17 सालों में यह सलमान खान का पहला बॉक्स ऑफिस क्लैश होगा. उनका पिछला बड़ा क्लैश 30 अक्टूबर 2009 को हुआ था, जब बॉक्स ऑफिस पर ‘लंदन ड्रीम्स’ का मुकाबला ‘अलादीन’ से हुआ था. तब से, सलमान की लगातार 17 फिल्में सोलो रिलीज हुई हैं, जो किसी भी सुपरस्टार के लिए एक शानदार रिकॉर्ड है. हालांकि, ‘मातृभूमि’ के साथ यह सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा, क्योंकि इसका मुकाबला श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ से होने वाला है.
सलमान का होगा कमबैक?
यह क्लैश दोनों कलाकारों के लिए एक दिलचस्प समय पर हो रहा है. सलमान अपनी पिछली फिल्म ‘सिकंदर’ के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आ रहे हैं, जबकि श्रद्धा ‘स्त्री 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद वापसी कर रही हैं. ‘स्त्री 2’ एक बड़ी ब्लॉकबस्टर थी, जो दो अन्य फिल्मों के साथ रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस की उस त्रिकोणीय लड़ाई में आसानी से बाजी मार ले गई थी.
हालांकि, दिसंबर में होने वाले इस टकराव का फैसला सिर्फ कमाई से नहीं होगा. फिल्मों का बजट और बॉक्स ऑफिस पर उनका अंतिम परिणाम भी अहम भूमिका निभाएंगे. ‘ईठा’ का बजट ‘मातृभूमि’ से कम है, जिसका मतलब है कि अगर श्रद्धा की फिल्म सलमान की फिल्म से कम कमाई भी करती है, तब भी वह एक बड़ी सफलता साबित हो सकती है.
4 दिसंबर का दिन बॉलीवुड के लिए काफी दिलचस्प होने वाला है. अब यह देखना होगा कि क्या इस मुकाबले में सलमान का दबदबा रहता है, या फिर श्रद्धा ‘स्त्री 2’ जैसी सफलता दोहरा पाती हैं?
—- समाप्त —-