सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में अब दोस्ती के रिश्ते भी दुश्मनी में बदलते नजर आ रहे हैं। कभी एक-दूसरे के सबसे करीबी दोस्त माने जाने वाले स्काउट ओपी और यंग DSA के बीच ऐसी जबरदस्त लड़ाई हुई कि पूरा घर हैरान रह गया। दोनों के बीच पहले जमकर जुबानी जंग हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मेकर्स की ओर से जारी नए प्रोमो में स्काउट और यंग के बीच बढ़ता गुस्सा साफ नजर आ रहा है। इस लड़ाई के बाद अब दोनों की दोस्ती पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस झगड़े में धक्का देने के चलते स्काउट को बिग बॉस की चार बड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है।
बिग बॉस 20 में स्काउट और यंग की दोस्ती का हुआ अंत?
‘बिग बॉस 20’ के घर में रिश्ते बनते और बिगड़ते देर नहीं लगती। यहां कभी साथ खेलने वाले कंटेस्टेंट्स भी गेम के दबाव में एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ स्काउट OP और यंग DSA के बीच देखने को मिला है। शो में दोनों की दोस्ती काफी चर्चा में रही है। दोनों को अक्सर एक-दूसरे का साथ देते और साथ में मस्ती करते देखा गया। दर्शकों को भी उनकी दोस्ती पसंद आ रही थी, लेकिन अब नए प्रोमो ने इस रिश्ते में आई दरार को सामने ला दिया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर अपकमिंग एपिसोड का प्रोमो जारी किया है। इसमें दोनों कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे से बहस करते दिखाई दे रहे हैं। देखते ही देखते दोनों का गुस्सा इतना बढ़ जाता है कि दोस्ती की जगह दुश्मनी नजर आने लगती है।
पहले हुई जुबानी जंग, फिर स्काउट ने यंग को मारा धक्का
बिग बॉस 20 के नए प्रोमो में स्काउट OP और यंग DSA के बीच तीखी बहस देखने को मिलती है। शुरुआत में दोनों एक-दूसरे को जवाब देते नजर आते हैं। हालांकि, बहस के दौरान दोनों अपना आपा खो बैठते हैं और मामला लगातार बिगड़ता चला जाता है। इसी बीच स्काउट गुस्से में आकर यंग को धक्का मार देते हैं। स्काउट की इस हरकत के बाद यंग भी बुरी तरह भड़क जाते हैं। दोनों के बीच तनाव बढ़ता देख घर के दूसरे सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचते हैं। प्रोमो में गुल्लू यंग को पकड़कर शांत कराने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। वहीं, बाकी कंटेस्टेंट्स स्काउट को भी रोकते नजर आते हैं। घर में अचानक बने इस तनावपूर्ण माहौल को देखकर दूसरे सदस्य भी हैरान रह जाते हैं।
स्काउट ओपी को बिग बॉस देंगे 4 बड़ी सजा?
स्काउट और यंग के बीच हुई इस लड़ाई का सबसे बड़ा असर स्काउट के गेम पर पड़ सकता है। हालांकि, यह पूरा घटनाक्रम अभी टीवी पर प्रसारित नहीं हुआ है, लेकिन ‘बिग बॉस तक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, स्काउट को धक्का देने की वजह से बिग बॉस की ओर से कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
1. पूरे सीजन के लिए होंगे नॉमिनेट- रिपोर्ट के मुताबिक, स्काउट को पूरे सीजन के लिए नॉमिनेट किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो उनके लिए हर हफ्ते घर में बने रहना बड़ी चुनौती होगी। उन्हें लगातार दर्शकों के वोट पर निर्भर रहना पड़ेगा।
2. कभी नहीं बन पाएंगे घर के कैप्टन- दूसरी सजा के तौर पर स्काउट को पूरे सीजन में दोबारा कैप्टन बनने का मौका नहीं मिलेगा। कैप्टेंसी के जरिए मिलने वाली सुविधाएं और घर पर नियंत्रण का अवसर उनसे छिन सकता है।
3. नहीं मिलेंगी कोई स्पेशल पावर- तीसरी सजा के तहत स्काउट को बिग बॉस की ओर से मिलने वाली किसी भी तरह की स्पेशल पावर से वंचित रखा जा सकता है। इससे गेम में उनकी रणनीति और आगे बढ़ने की संभावनाओं पर असर पड़ सकता है।
4. कभी भी हो सकते हैं घर से बेघर- चौथी और सबसे बड़ी सजा यह बताई जा रही है कि स्काउट को कभी भी घर से बाहर किया जा सकता है। यानी उन्हें सामान्य एविक्शन प्रक्रिया से अलग किसी भी समय शो से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
हालांकि, इन चारों सजाओं को लेकर अभी मेकर्स होगी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल ये जानकारी मीडिया रिपोर्ट के आधार पर सामने आई है।
क्या स्काउट और यंग की दोस्ती फिर ठीक?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या स्काउट ओपी और यंग डीएसए एक बार फिर दोस्त बन पाएंगे? दोनों के बीच हुई इस लड़ाई ने घर के अंदर के समीकरण बदल दिए हैं। अगर दोनों के बीच दूरियां बनी रहती हैं तो आने वाले दिनों में इसका असर दूसरे कंटेस्टेंट्स की रणनीति पर भी देखने को मिल सकता है।