जागरण संवाददाता, श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रियलिटी शो ‘बिग बास 20’ में हिस्सा ले रहे गायक काजी तौकीर को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि अगर विजेता का फैसला पब्लिक वोटिंग से होता है, तो वह काजी को वोट देंगे।
उन्होंने बताया कि उन्हें शो के अंदर काजी के प्रदर्शन के बारे में पता है। मुख्यमंत्री ने यह बात एक मशहूर पाडकास्टर के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कही।
इस दौरान दोनों ने रियलिटी शो में काजी के सफर और उनके जीतने की संभावनाओं पर चर्चा की।
‘वह बहुत अच्छा गाते हैं’, उमर ने की काजी तौकीर की तारीफ
कंसर्ट में काज़ी को गाते हुए देखने के अपने अनुभव को याद करते हुए उमर ने गायक के टेलेंट की तारीफ की। साथ ही, उन्होंने शो में काजी के शामिल होने को लेकर हो रही बहस और विवादों का भी जिक्र किया।
उमर ने कहा, ‘मैंने काज़ी को एक-दो कंसर्ट में देखा है, वह अच्छा गाते हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘यह बहुत अच्छी बात है। अगर वह ‘बिग बॉस’ जीतते हैं, तो यह बहुत बढ़िया होगा।
काजी के समर्थन में उमर का बड़ा बयान
उमर ने कहा, ‘मैंने सुना है कि शो के एक कंटेस्टेंट की निजी जिंदगी पर की गई टिप्पणी के लिए सलमान खान ने काजी को टोका था। क्या विजेता का फैसला पब्लिक वोटिंग से होता है? तो फिर मुझे उन्हें वोट देना चाहिए। वह बहुत अच्छा गाते हैं।’
उमर अब्दुल्ला ने किया पुराना किस्सा याद
उमर ने कहा, ‘मुझे याद है कि कैसे उन्होंने अचानक ‘फेम गुरुकुल’ जीत लिया था, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।’ इस बातचीत के दौरान, उमर ने अपनी निजी जिंदगी, राजनीति और नेशनल कान्न्फ्रेंस पर भी बात की।