‘बिग बॉस 20’ में मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच एक बार फिर बहस देखने को मिली। अब मनीष की पत्नी पूनम नरूला गोयल ने पति का सपोर्ट किया है। पूनम ने काजी पर उम्र को लेकर ताने मारने और अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया।
घर में काजी तौकीर अक्सर मनीष को ‘ज्ञानी बाबा’ और ‘प्रोफेसर’ कहकर चिढ़ाते हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार बहस भी हो चुकी है। अब पूनम ने इस पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह सब मजाक था, लेकिन धीरे-धीरे काजी की टिप्पणियां हद पार करने लगीं। साथ ही उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे किसी एक कंटेस्टेंट के सपोर्ट में इतने अंधे न हो जाएं कि उन्हें दूसरे पक्ष की बात ही दिखाई न दे।
काजी तौकीर पर फूटा पूनम गोयल का गुस्सा
मनीष के घर में आने के बाद से ही काजी तौकीर उन्हें ‘ज्ञानी बाबा’ और ‘प्रोफेसर’ जैसे नामों से बुलाते रहे हैं। इस मुद्दे पर बात करते हुए पूनम ने बताया कि शुरुआत में यह सब मजाक के तौर पर शुरू हुआ था, जिसमें घर के दूसरे सदस्य भी शामिल हो गए थे। मनीष को भी इस मजाक से कोई खास परेशानी नहीं थी। उन्होंने इसे खेल-खेल में लिया और बाकी सदस्यों के साथ डांस तक किया, हालांकि यह हिस्सा टेलीकास्ट नहीं हुआ। पूनम के मुताबिक, धीरे-धीरे काजी ने इस मजाक को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया और मनीष पर अपमानजनक टिप्पणियां करने के साथ उनकी उम्र को लेकर भी ताने कसने लगे। जब मनीष ने उन्हें ऐसा करने से रोका और अपनी सीमा तय करने को कहा, तो काजी ने कैमरे के सामने कहा कि वह मनीष को रुलाकर ही मानेंगे और उन्हें परेशान करना बंद नहीं करेंगे।
पूनम ने बताया क्यों ‘प्रोफेसर’ कहने पर नाराज होते हैं मनीष
पूनम ने बताया कि यही वजह है कि मनीष ‘प्रोफेसर’ शब्द सुनकर नाराज हो जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं एक महीने से ज्यादा समय तक धैर्य रखती रही और चुप रही, लेकिन अब इस बारे में बात करने का समय आ गया है। कल के एपिसोड के बाद मैं विस्तार से बात करूंगी, लेकिन अभी के लिए मैं चाहती हूं कि लोग समझें कि मनीष प्रोफेसर शब्द पर ऐसी प्रतिक्रिया क्यों देते हैं।’
‘मनीष कभी काजी से झगड़ा करने नहीं जाते’
पूनम ने उन आरोपों पर भी जवाब दिया, जिनमें मनीष के व्यवहार को स्क्रीन टाइम पाने की स्ट्रौटिजी बताया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा, ‘मेरे पति कभी भी काजी से झगड़ा करने नहीं जाते। उन्हें स्क्रीन टाइम की कोई परवाह नहीं है। अगर उन्हें परवाह होती, तो वे सिर्फ फुटेज पाने के लिए कुछ न कुछ करते, लेकिन वे ऐसा नहीं करते।’
पूनम बोलीं, इमोशनल इंसान हैं मनीष गोयल
उन्होंने आगे कहा कि मनीष भावुक स्वभाव के इंसान हैं और कभी-कभी नाटकीय तरीके से अपनी बात रखते हैं। उनका जन्म 70 के दशक में हुआ है और वह एक उत्तर भारतीय व्यक्ति हैं। यह उनका स्वभाव और बात करने का तरीका है। अगर नई पीढ़ी उनके अंदाज से खुद को जोड़ नहीं पाती, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह दिखावा कर रहे हैं। पूनम ने कहा कि मनीष असल जिंदगी में भी इसी तरह बात करते हैं। वह एक अच्छे पारिवारिक इंसान हैं, लेकिन अगर कोई लगातार उन्हें उकसाए, उनकी उम्र को लेकर ताने मारे या उनके सामने भद्दे मजाक करे, तो वह उसका जवाब जरूर देंगे। वह हर बात चुपचाप बर्दाश्त करने वाले इंसान नहीं हैं।
‘काजी को पसंद कर सकते हैं, लेकिन उनके सपोर्ट में अंधे न बनें’
पूनम ने काजी के फैंस को भी अपनी बात समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि किसी कंटेस्टेंट को पसंद करना गलत नहीं है, लेकिन उसके समर्थन में इतना भी नहीं बह जाना चाहिए कि दूसरे व्यक्ति के साथ हो रहे व्यवहार को नजरअंदाज कर दिया जाए। उन्होंने कहा, ‘हो सकता है कि आप काजी को पसंद करते हों, लेकिन उनके समर्थन में इतने अंधे न हो जाएं कि आपको दूसरा पक्ष दिखाई ही न दे। अगर मनीष को एलिमिनेशन की इतनी ही चिंता होती, तो वे काजी के लिए अपनी लाइफलाइन का त्याग क्यों करते?’ पूनम ने यह भी सवाल उठाया कि दर्शक मनीष से ऐसा व्यवहार करने की उम्मीद क्यों करते हैं, जो उनके स्वभाव का हिस्सा ही नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी की उम्र, पर्सनैलिटी और बात करने के अंदाज का मजाक उड़ाना सही नहीं है।
’51 साल के इंसान से हर वक्त उछल-कूद की उम्मीद क्यों?’
अपनी बात रखते हुए पूनम ने मनीष की उम्र और उनके व्यक्तित्व को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘2026 में अगर लोग एक सीधे-सादे और सच में अच्छे 51 साल के इंसान को स्वीकार नहीं कर सकते और उनसे यह उम्मीद करते हैं कि वे उछल-कूद करें, दूसरों को गालियां दें या हर तरह की बेवकूफी में शामिल हों, तो यह बहुत निराशाजनक और बचकानी सोच है।’ उन्होंने आगे कहा कि मनीष को अपनी भाषा और शुद्ध हिंदी से प्यार है और उन्हें इस बात पर गर्व भी है। वह एक अभिनेता हैं और परिवार को उन पर गर्व है। पूनम ने दर्शकों से अपील की कि वे सिर्फ एडिट किए गए फुटेज के आधार पर किसी की पूरी पर्सनैलिटी का अंदाजा न लगाएं, बल्कि यह समझने की कोशिश करें कि कोई व्यक्ति कब सच में आहत होता है और कब सिर्फ एक्टिग कर रहा होता है।
मनीष के लिए लिखी प्यार भरी लाइन
आखिर में पूनम ने कहा कि आज लोग किन चीजों को बढ़ावा दे रहे हैं, यह देखकर उन्हें निराशा होती है। हालांकि, एक परिवार के तौर पर वे हमेशा मनीष के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने अपने पति के लिए प्यार जताते हुए लिखा, ‘बहुत सारा प्यार, मन्नू। महादेव आप पर नजर रखे हुए हैं।’ पूनम के इस बयान के बाद ‘बिग बॉस’ के घर में मनीष और काजी के बीच चल रहे विवादको लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।