क्यों पैसे देकर लड़कों संग फोटो शूट करवा रही महिलाएं… यहां वायरल है ये ट्रेंड – chinese women paying male models romantic photoshoot viral trend tstsd


किसी खूबसूरत कैफे में एक हैंडसम लड़का एक महिला का हाथ थामे, गले लगते है और कभी प्यार से माथे पर किस करते फोटो शूट करवा रहा है. इसे देखकर किसी को भी लगेगा कि दोनों एक-दूसरे के प्यार में हैं. लेकिन कहानी में ट्विस्ट ये है कि दोनों न तो कपल हैं और न ही वो लड़का उस महिला का बॉयफ्रेंड है.

उस महिला ने बस कुछ खूबसूरत तस्वीरें खिंचवाने के लिए उस लड़के को पैसे दिए हैं. चीन में इन दिनों ऐसा ही एक अनोखा ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है. यहां महिलाएं पैसे देकर मेल मॉडल्स के साथ कपल फोटोशूट करवा रही हैं. कोई रोमांटिक पोज देकर तस्वीरें खिंचवा रही है, तो कोई अपने मनपसंद लड़के के साथ डेटिंग जैसा अनुभव लेने के लिए हजारों रुपये खर्च कर रही है.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे फोटोशूट में हाथ पकड़ना, गले लगना, माथे से माथा मिलाना और रोमांटिक अंदाज में तस्वीरें खिंचवाना शामिल है. कुछ महिलाएं तो मॉडल के साथ ऐसी तस्वीरें भी बनवाती हैं, जिनमें वह उनके साथ बाथटब में नजर आता है या अपनी फिट बॉडी दिखाता है.

दिलचस्प बात यह है कि इस अनुभव के लिए महिलाएं हजारों से लेकर लाखों रुपये तक खर्च कर रही हैं. सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को लेकर खूब चर्चा हो रही है. कोई इसे महिलाओं की पसंद और आजादी से जोड़ रहा है, तो कोई सवाल उठा रहा है कि आखिर किसी अजनबी के साथ रोमांटिक तस्वीरें खिंचवाने के लिए इतने पैसे क्यों खर्च किए जा रहे हैं?

30 मिनट के फोटोशूट पर खर्च कर दिए 50 हजार रुपये
चीन की लाइफस्टाइल ब्लॉगर शुए डिंगे ने जुलाई में दो मेल मॉडल्स के साथ 30 मिनट का रोमांटिक फोटोशूट करवाया. इसके लिए उन्होंने 4,520 युआन यानी करीब 50 हजार रुपये खर्च किए.

स्टूडियो में फोटोग्राफर ने उन्हें मॉडल्स के साथ अलग-अलग रोमांटिक पोज देने को कहा. कहीं मॉडल उनके चेहरे को हाथों में थामे नजर आया, तो कहीं दोनों ने माथे से माथा मिलाकर तस्वीर खिंचवाई. एक दूसरे मॉडल ने शर्टलेस होकर अपनी फिट बॉडी दिखाई. उसने शुए के साथ बाथटब में भी रोमांटिक पोज दिए.

इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए शुए ने लिखा – महिलाओं के लिए खास सेवाओं के दौर में आपका स्वागत है. उनकी पोस्ट के बाद इस तरह के फोटोशूट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई.

फोटो में बॉयफ्रेंड, असल जिंदगी में सिर्फ मॉडल
चीन के चेंगदू की रहने वाली वेनजी ने भी एक मेल मॉडल के साथ कपल फोटोशूट करवाया. इसके लिए उन्होंने 3,000 युआन खर्च किए. वेनजी ने अपने फोटोशूट के लिए एक पूरी कहानी तैयार की. इसमें दिखाया गया कि उनका बॉयफ्रेंड उनसे झगड़ा करके चला गया है. बाद में वह उन्हें मनाने के लिए घर के बाहर आंसू बहाता हुआ इंतजार कर रहा है.

तस्वीरों में यह सब किसी रोमांटिक फिल्म के सीन जैसा नजर आता है. लेकिन असलियत में मॉडल उनका बॉयफ्रेंड नहीं था. वेनजी के मुताबिक, मॉडल उनके लिए खूबसूरत तस्वीरें बनाने का एक जरिया है. 

उनके लिए फोटो खिंचवाना किसी सपने को गढ़ने जैसा है. वह ऐसे पल खरीद रही हैं, जो उनके दिल में रोमांच पैदा करते हैं. यानी यहां महिलाएं सिर्फ तस्वीरें नहीं खिंचवा रहीं, बल्कि अपनी पसंद की एक छोटी-सी रोमांटिक कहानी को जी रही हैं.

एक घंटे के लिए 70 हजार रुपये तक खर्च
चीन में यह कारोबार अब बाकायदा बिजनेस का रूप ले चुका है. नानजिंग में मौजूद एक स्टूडियो खुद को देश का पहला ऐसा फोटो स्टूडियो बताता है, जहां मेल मॉडल्स के साथ कपल फोटोशूट की सुविधा दी जाती है.

स्टूडियो के पैकेज भी काफी महंगे हैं. यहां नौ एडिटेड तस्वीरों के लिए 7,200 युआन यानी करीब 80 हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं. वहीं पूरे दिन के कपल एक्सपीरियंस के लिए पैकेज 28,000 युआन यानी करीब 3 लाख रुपये तक पहुंच जाता है. इसमें अलग-अलग कपड़ों में फोटोशूट और 120 तस्वीरें शामिल हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन फोटोशूट में काम करने वाले पुरुष आमतौर पर कमर्शियल मॉडल या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर होते हैं. उनकी फीस उनके लुक, हाइट, सोशल मीडिया फॉलोअर्स और एक्टिंग स्किल के आधार पर तय होती है.

कुछ मॉडल सिर्फ तस्वीरों के लिए रोमांटिक अंदाज में पोज देते हैं, जबकि कुछ को बाकायदा किसी प्रेम कहानी के किरदार की तरह पेश आना पड़ता है. 

आखिर क्यों महिलाएं खर्च कर रही हैं इतने पैसे?
स्टूडियो की संस्थापक मु झाओ के मुताबिक, हर महिला के फोटोशूट करवाने की वजह एक जैसी नहीं होती. कुछ महिलाएं सिर्फ हैंडसम मॉडल के साथ खूबसूरत कपल तस्वीरें चाहती हैं. कुछ डेटिंग जैसा अनुभव लेना चाहती हैं, जबकि कुछ परिवार की शादी को लेकर बढ़ती चिंता और दबाव से कुछ समय के लिए दूर रहना चाहती हैं.

इस तरह का फोटोशूट उन्हें अपनी पसंद के मुताबिक रोमांटिक माहौल बनाने का मौका देता है. इसमें न रिश्ते की जिम्मेदारी होती है और न ही भविष्य को लेकर कोई वादा. स्टूडियो का कहना है कि रोमांटिक पोज के दौरान सामाजिक सीमाओं का ध्यान रखा जाता है. मॉडल और ग्राहक के बीच निजी संपर्क जानकारी भी साझा नहीं की जाती, भले ही कुछ ग्राहक मॉडल के लिए भावनाएं विकसित कर लें.

मु झाओ का मानना है कि महिलाएं अब अपनी पसंद और जरूरतों को खुलकर जाहिर कर रही हैं. उनके मुताबिक, अगर कोई महिला खुद को खुश करने के लिए पैसे खर्च करना चाहती है, तो इसमें कुछ गलत नहीं है.

चीन में यह ट्रेंड पेड कंपैनियनशिप यानी पैसे देकर साथ पाने वाली सेवाओं के बढ़ते चलन का हिस्सा भी है. यहां महिलाएं आउटडोर एक्टिविटी से लेकर रोल-प्ले गेम तक के लिए पुरुष साथियों को किराए पर ले सकती हैं.

फिलहाल, इन रोमांटिक फोटोशूट ने एक नई तरह की सर्विस को चर्चा में ला दिया है, जहां प्यार का रिश्ता भले ही असली न हो, लेकिन उसके खूबसूरत पल कैमरे में कैद जरूर हो जाते हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Related posts

Noida News:मौसमी वायरल बुखार ने बढ़ाई परेशानी, स्वाद बिगड़ने की शिकायत लेकर पहुंच रहे मरीज – Seasonal Viral Fever Adds To The Trouble; Patients Are Arriving With Complaints Of Altered Taste

ऋषिकेश:पुल पर चलते समय अचानक क्यों रो पड़ी विदेशी महिला? अनुभव शेयर कर कही ऐसी बात – Rishikesh Dutch Woman Suddenly Burst Into Tears While Walking On The Bridge Video Viral News In Hindi

Fatehpur News: जांच के नाम पर रुपये लेते डीएमएलटी का वीडियो वायरल, Fatehpur Hindi News