संवाद सूत्र, बेलागंज (गया)। बेलागंज थाना क्षेत्र की चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार का हथियार के साथ रील बनाते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद बेलागंज थाने की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
वीडियो में मुखिया काले रंग की बनियान पहने एक भोजपुरी गाने पर पूरे एक्शन में दिख रहा है। इस दौरान एक बार आने और एक बार जाने का दृश्य वीडियो में है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति हथियार जैसा दिखने वाले सामान के साथ रील बनाते हुए नजर आ रहा है। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार के रूप में की गई।
इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बेलागंज थाना प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो और उसमें दिख रहे हथियार की वास्तविकता समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
मुखिया ने कहा, यह असली हथियार नहीं
इस संबंध में मुखिया जितेंद्र कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने वीडियो में दिख रहे हथियार को असली हथियार मानने से इनकार किया।
उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहा सामान हथियार नहीं, बल्कि खिलौना है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।