डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उबर कंपनी के एक इंजीनियर ने सोशल मीडिया पर अपनी नौकरी से जुड़ा एक अनुभव साझा किया। यूजर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उसने करीब 92 लाख रुपए का टैक्स दिया था। लेकिन जब वो बच्चे के जन्म के बाद छुट्टी पर गया था, तो कंपनी ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया। यूजर का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हर कोई इस पोस्ट को पढ़ने के बाद हैरान हो रहे हैं।
पहले सैलरी कम हुई अब चली गई नौकरी
यूजर ने पोस्ट शेयर करते हुए दावा किया कि पिछले साल उसकी सैलरी में अचानक गिरावट आई, जिसे उसने सैलरी क्लिफ बताया। इसके बाद भी उसने दावा किया कि पिछले साल 92 लाख टैक्स भरा था। ये आंकड़ा यूजर का अपना दावा है इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
यूजर ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि इस साल वो अपने बच्चे के जन्म के बाद चार महीने की छुट्टी पर था। इसी दौरान उसे नौकरी से निकाल दिया गया। इस पोस्ट में उन्होंने कंपनी में पैटरनिटी लीव नीति का भी जिक्र किया और दावा किया कंपनी की ओर से उसे 18 हफ्ते की आधिकारिक पैटरनिटी लीव दी जाती है। हालांकि उसे नौकरी से क्यों निकाला गया इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
बच्चे के जन्म के समय नौकरी जाने की चिंता
यूजर ने पोस्ट में चिंता जाहिर करते हुए कहा उसके घर में बच्चा है और परिवार की मदद के लिए उसके पास कोई सपोर्ट सिस्टम नहीं है, ऐसे में नौकरी जाने के तुरंत बाद नई नौकरी की तलाश शुरू करना उसके लिए आसान नहीं है। उसने कहा फिलहाल उसे परिवार और बच्चे की देखभाल पर भी ध्यान देना है। यही कारण है कि उसके लिए नौकरी से मिलने वाली सेवरेंस पेमेंट भी महत्वपूर्ण हो गया है।
भारत में नौकरी और परिवार की सुरक्षा पर सवाल
नौकरी जाने के बाद यूजर ने भारत में अपनी नौकरी और परिवार की सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठाए हैं जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उसने कहा कि वह जल्द ही भारत छोड़ने की योजना बना रहा है। यूजर ने पोस्ट में दूसरे लोगों को भी उसके अनुभव से सीखने की सलाह दी।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है पोस्ट
इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर एक अलग बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर टैक्स, नौकरी की सुरक्षा और हाई सैलरी वाली नौकरियों को लेकर लोगों के अलग-अलग मत है।