गुड न्यूज नेटवर्क की रिपोर्ट के मुताबिक, विन-जोन्स एक दशक से इंग्लैंड में बेघर थे। ऐसे में वह कड़ाके की ठंड से बचने के लिए चर्च में पनाह लेने गए थे। सेंट मैरी ब्रिटेन के ‘नाइट चर्च’ में से एक है, जो जरूरतमंद लोगों के लिए चौबीसों घंटे खुले रहते हैं। वहां वॉलंटियर्स से बात करने के बाद 34 वर्षीय विन-जोन्स ने पूछा कि क्या वह पियानो बजा सकते हैं। संगीत बरसों से उनके लिए मुश्किल हालात से निपटने का जरिया रहा था।
पियानो ने मेरी जिंदगी के मुश्किल दौर में विचारों को शांत करने का एक तरीका दिया। मेरे दिमाग में बहुत शोर होता है, लेकिन जब मैं पियानो बजाता हूं तो मेरा दिमाग शांत हो जाता है, मुझे सुकून मिलता है।
विन-जोन्स
एक वीडियो ने किया मशहूर
जोन्स ने जब चर्च में पियानो बजाना शुरू किया तो लोग उन्हें देखने के लिए इकट्ठा हो गए और ये वीडियो सोशल मीडिया तक पहुंच गया। सोशल मीडिया पर उनको नाइटचर्च पियानिस्ट का नाम मिला। इससे विन-जोन्स को कई जगह परफॉर्मेंस के मौके मिलने लगे। इसमें एक खास चैरिटी गिग भी शामिल था, जहां वह रॉनी वुड, पीटर आंद्रे और ‘ईस्टएंडर्स’ के कलाकारों जैसे ब्रिटिश स्टार्स से मिले।
विन-जोन्स ने जल्द ही बेघरों की मदद करने वाली संस्थाओं और कामों के लिए अपने संगीत का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। बाद में उन्होंने पीटर आंद्रे के साथ एक टेलीविजन पायलट प्रोजेक्ट पर काम किया। वह कई जगहों पर परफॉर्मेंस देने वाले हैं, जिसमें ब्रिस्टल में एक थिएटर प्रोडक्शन भी शामिल है। इतनी लोकप्रियता मिलने के बावजूद विन-जोन्स खुद को प्रोफेशनल म्यूजिशियन या सेलिब्रिटी नहीं मानते हैं।
मिला अपना घर
जोन्स का कहना है कि मुझे बस बेघर लोगों की मदद करने वाली संस्थाओं और अच्छे कामों के लिए पैसे जुटाने के लिए पियानो बजाना पसंद है। परफॉर्मेंस से मुझे चैरिटी के लिए करीब 54,000 डॉलर जुटाने में मदद मिली है। साथ ही अब उनके पास अपना घर है। विन-जोन्स की जिंदगी में सबसे बड़े बदलावों में से एक है रहने के लिए जगह मिलना।
सालों तक बेघर रहने के बाद जोन्स वेस्ट कॉर्नवाल में ‘कोस्टलाइन हाउसिंग’ के एक नए प्रोजेक्ट में रहने चले गए हैं। नए घर ने उन्हें संगीत बजाते रहने के लिए एक शांत जगह दी है। अब वह अपने रोलैंड कीबोर्ड पर प्रैक्टिस करते हैं और अपनी सुरक्षित जगह पर खाते-पीते और सोते हैं।