मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में स्थित होटल प्रेसिडेंट में उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब एक शादीशुदा महिला ने अपने पति को किसी अन्य युवती के साथ होटल के कमरे में रंगरेलियां मनाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. दूसरी युवती के साथ पति को आपत्तिजनक हालत में देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा और उसने मौके पर ही, डायल 112 पुलिस टीम की मौजूदगी में, पति पर चांटों की बरसात कर दी. इस पूरी घटना और हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस ने बताया, आरोपी विजय दगदी (आचार्य) गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर पर था. इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात महिला का फोन आया. जब पत्नी ने फोन के संबंध में सवाल-जवाब किए, तो आरोपी विजय ने बात छिपाते हुए बहस शुरू कर दी और पत्नी के साथ मारपीट की.
दो बच्चों की मां पीड़ित पत्नी को पति के इस व्यवहार पर गहरा संदेह हुआ. उसने बिना देर किए तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और खुद जावरा के औद्योगिक इलाके स्थित प्रेसिडेंट होटल पहुंच गई.
थप्पड़ रसीद कर युवती को दी चेतावनी
होटल के कमरे का दरवाजा खुलते ही पति को दूसरी युवती के साथ देख पत्नी आपा खो बैठी. वायरल वीडियो में पत्नी अपने पति को लव मैरिज की याद दिलाते हुए सवाल-जवाब करती और थप्पड़ जड़ती नजर आ रही है.
यही नहीं, कमरे में मौजूद दूसरी युवती को चेतावनी देते हुए पत्नी ने कहा, ”तू अपने आप को क्या समझती है? तू बहुत पहले से मेरी नजर में है. खैर मना कि मैंने तुझ पर हाथ नहीं उठाया.” देखें VIDEO:-
घटनाक्रम के बाद पीड़ित महिला ने जावरा के औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने में पहुंचकर पति के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस अफसर क्या बोले?
मामले की जानकारी देते हुए रतलाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक लाल ने बताया, ”जावरा के औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत होटल में पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला की शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति विजय दगदी (आचार्य) के खिलाफ मारपीट और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.”
—- समाप्त —-