अभी हाल ही में दो महिला पत्रकारों ने आरोप लगाया कि 3 सितंबर को साउथ दिल्ली में एक पब्लिक इवेंट को कवर करने के दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और साकेत थाने में उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की। अब इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कथित तौर पर एक ‘महिला पुलिसकर्मी’, जमीन पर पड़ी एक महिला को लात मारती नजर आ रही है।वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह महिला पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिस की मारपीट का वीडियो है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- एक महिला के साथ अत्याचार का वीडियो ज्यादा से ज्यादा शेयर करें यह पुलिस वाले सस्पेंड होने चाहिए और कड़ी सी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें CineEdge Media-Behind the Scenes‘ नाम के एक फेसबुक पेज पर 26 जून की पोस्ट किया हुआ मिला। डिस्क्रिप्शन में इसे एक फिल्म शूटिंग से संबंधित बताया गया है।
वहीं वीडियो में दिख रही ‘पुलिसकर्मी’ और भी कई वीडियो में एक्टिंग करती हुई नजर आती है। साफ है कि वायरल हो रहा वीडियो किसी असल घटना का नहीं है।
इसके बाद हमें यूट्यूब चैनल ‘CineEdge Media’ पर 27 मई 2026 को अपलोड किए गए वीडियो में 9:15 मिनट पर वायरल क्लिप देखी जा सकती है। यहां मौजूद जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शॉर्ट मूवी ‘एसआई मृदुला लेडी पुलिस’ का है।
इस यूट्यूब चैनल पर इस शॉर्ट मूवी की शूटिंग की अन्य क्लिप्स को भी देखा जा सकता है। इसमें दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो मनोरंजन के लिए है।
इसके अलावा फेसबुक पर एक और वीडियो शेयर किया जा रहा है।इसमें भी वही ‘महिला पुलिसकर्मी’ नजर आ रही हैं।
दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया….
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि उनकी मुस्लिम पहचान और सीएम रेखा गुप्ता से सवाल करने की वजह से उनके साथ बदसलूकी की गई। हालांकि पुलिस ने इसका खंडन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस का दावा है कि पत्रकारों का स्कूटर एक विशिष्ट वीवीआईपी (VVIP) सुरक्षा मार्ग में बाधा डाल रहा था. जब उनसे स्कूटर हटाने को कहा गया, तो उन्होंने सुरक्षा निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया, जिसके कारण उन्हें वहां से हटाया गया और थाने ले जाया गया।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, ये किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एक शॉर्ट फिल्म की शूटिंग का वीडियो है।