अवैध वसूली का वीडियो और UPI स्क्रीनशॉट वायरल (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
धमतरी: जिले में रेत से भरे हाइवा वाहनों को रोककर कथित अवैध वसूली का मामला चर्चा में है. पिछले कुछ दिनों से शहर में हाइवा रोकने और उनसे एक व्यक्ति के अकाउंट नंबर में पैसे ट्रांसफर कराए जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो और कुछ ऑनलाइन लेनदेन के स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहे हैं. इनमें शहर के नहरनाका चौक पर वाहन रोककर पैसे लेने का आरोप लगाया गया है.
धमतरी में हाइवा गाड़ियों को रोककर अवैध वसूली का दावा, वीडियो और UPI स्क्रीनशॉट भी वायरल (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
हाइवा ड्राइवर ने लगाया आरोप
वायरल वीडियो में एक हाइवा चालक ने अपनी गाड़ी का नंबर दिखाते हुए बताया कि वह बालोद का रहने वाला है और उसके साथ वसूली हुई है. वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए यूपीआई ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट में अलग-अलग किस्तों में रकम के लेनदेन का दावा किया जा रहा है. वायरल दावों के मुताबिक, कुल रकम 25 से 30 हजार रुपये के आसपास बताई जा रही है.
आखिर कौन है गंगा प्रसाद निर्मलकर?
ऑनलाइन भुगतान से जुड़े विवरण में ट्रांसफर अकाउंट नाम गंगा प्रसाद निर्मलकर दिखा रहा है. आखिर वह कौन है और किस विभाग या किसी दल से संबंधित है इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. दरअसल मामला इसलिए गंभीर है क्योंकि यदि किसी व्यक्ति ने बिना वैधानिक अधिकार के मालवाहक वाहनों को रोककर पैसे वसूले हैं, तो यह जांच का विषय है.
खनिज अधिकारी बोले- बिना अधिकार गाड़ी रोकना गलत
मामले को लेकर जिला खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने बताया कि उन्हें भी सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि फोनपे और गूगल पे के जरिए लेनदेन किए जाने की जानकारी सामने आई है. किसी भी वाहन को बिना प्राधिकृत अधिकार के रोकना विधिसम्मत नहीं है. यदि मामला उनके संज्ञान में आता है, तो संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया जाएगा.
वीडियो को संज्ञान में हमने लिया है. कुछ स्क्रीनशॉट भी सामने आए हैं. लेकिन अभी ऐसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है. अगर ऐसा होता है तो संबंधित विभाग को भेजकर जांच कराई जाएगी-हेमंत चेरपा, जिला खनिज अधिकारी
बड़ा सवाल यही है कि हाइवा को किसने रोका, पैसे किस वजह से लिए गए और कथित वसूली के पीछे कौन था?