ASI के वायरल वीडियो पर एसपी ने लिया एक्शन (@VIRAL-VIDEO)
देहरा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जसवां-प्रागपुर में पुलिस के एक एएसआई को पर्यटकों से मिठाई मांगना महंगा पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने एएसआई पर कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर कर दिया है. वायरल वीडियो में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एएसआई कार सवार लोगों से नई गाड़ी लेने की खुशी में “मुंह मीठा तो करवा दो” कहते हुए नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जिला देहरा के एसपी संदीप धवल ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया और मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.
यह मामला जसवां-प्रागपुर क्षेत्र का है. 27 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मचारी कार सवार लोगों से बातचीत करता दिखाई दे रहा है. वीडियो में एएसआई नई कार को लेकर बात करते हुए कार सवारों से मुंह मीठा करवाने की बात कहता नजर आ रहा है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा. इसके बाद पुलिस जिला देहरा के एसपी संदीप धवल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एएसआई को हाजिर कर दिया.
ASI के वायरल वीडियो पर एसपी ने लिया एक्शन (VIRAL VIDEO)
एसडीपीओ करेंगे मामले की जांच
एसपी ने मामले की जांच की जिम्मेदारी एसडीपीओ डाडासीबा को सौंपी है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं. जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और एएसआई के व्यवहार को लेकर तथ्यों की पुष्टि की जाएगी, जिसके बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने माना- प्रथम दृष्टया व्यवहार उचित नहीं
पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यवहार प्रथम दृष्टया अनुचित और अमर्यादित प्रतीत होता है. ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मचारियों से लोगों के साथ शालीन, सभ्य और सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता या गलत आचरण को गंभीरता से लिया जाता है. पुलिस के अनुसार यदि जांच में वीडियो में सामने आए आरोप और घटनाक्रम सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस जिला देहरा के एसपी संदीप धवल ने कहा कि वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है. मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: लापरवाही की हद! बिजली की तारों से खतरा, दांव पर 350 से अधिक बच्चों का भविष्य