जागरण संवाददाता, रांची। रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में आन ड्यूटी वर्दी में शराब पीते ट्रैफिक पुलिस के एक जवान का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में ट्रैफिक जवान पीके सिंह के वर्दी में शराब पीने की बात सामने आ रही है। वीडियो ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह तक भी पहुंच गया है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक डीएसपी को वीडियो की जांच की जिम्मेदारी दी है।
वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है कि पुलिसकर्मी वर्दी में बैठा है। उसके पास शराब की बोतल दिखाई दे रही है। वीडियो में एक अन्य पुलिसकर्मी को शराब देते हुए और खुद भी शराब पीते हुए देखा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो खादगढ़ा बस स्टैंड का है और संबंधित जवान ड्यूटी पर तैनात था।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी के ड्यूटी के दौरान शराब पीने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासकर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी सड़क पर यातायात व्यवस्था संभालने और वाहन चालकों पर नियमों का पालन कराने की है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान शराब पीने का आरोप सामने आने से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच ट्रैफिक डीएसपी को सौंपी गई है। वीडियो की जांच के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि वीडियो कब और कहां का है तथा उसमें दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी ड्यूटी पर था या नहीं। जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।