इन वायरल वीडियो ने इस पूरे आंदोलन और विरोध प्रदर्शन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अलग-अलग वीडियो में Uni Mall के भीतर की अराजकता साफ देखी जा सकती है।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कथित रेप की अफवाह के बाद भड़की हिंसा और बवाल के बीच अब कई चौंकाने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में उपद्रवी और छात्र कैंपस के भीतर बने ‘यूनि मॉल’ की दुकानों में घुसकर खाना, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम और अन्य सामान बिना पैसे दिए उठाते और खाते नजर आ रहे हैं।
इन वायरल वीडियो ने इस पूरे आंदोलन और विरोध प्रदर्शन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अलग-अलग वीडियो में यूनी मॉल के भीतर की अराजकता साफ देखी जा सकती है।
‘फ्री शॉपिंग डन…’
एक वीडियो में दुकानें खुली और बिखरी पड़ी हैं, जिसमें पीछे से एक आवाज आती है- “फ्री में शॉपिंग… शॉपिंग डन!”
एक अन्य वीडियो में एक युवक मॉल में रखे अलग-अलग सामानों की ओर इशारा करते हुए कहता है- “क्या चाहिए बताओ? अभी ऑर्डर करो, सब फ्री में दिला देंगे!”
कई तस्वीरों में लोग मॉल के भीतर बैठकर खाने के आइटम खाते और पैकेज्ड फूड उठाते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा एटीएम कियोस्क, दुकानों के शीशे और यूनिवर्सिटी हॉल को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि सामान ले जाने वाले सभी लोग LPU के छात्र थे या बाहर से आए उपद्रवी।
लड़ाकू विमान मिग-23 और टैंक पर चढ़े प्रदर्शनकारी
कैंपस के भीतर फैली अराजकता का आलम यह था कि कुछ उग्र प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी में डिस्प्ले के लिए रखे गए सेना के लड़ाकू विमान (MiG-23) और आर्मी टैंक के ऊपर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे।
यूनिवर्सिटी के ही एक छात्र ने दावा किया कि यह अब केवल छात्रों का शांतपूर्ण प्रदर्शन नहीं रह गया था। छात्र का आरोप है कि बाहर से आए ‘गुंडों और बाहरी तत्वों’ ने माहौल खराब किया। उन्होंने कंप्यूटर साइंस (CS) बिल्डिंग में आग लगा दी और एडमिशन ब्लॉक में जमकर तोड़फोड़ की।
गाड़ियों में आगजनी, 10 दिन के लिए बंद हुआ कैंपस
रविवार शाम को जब पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 से छात्रों का जाम हटाने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया।
भड़की हिंसा में उपद्रवियों ने पुलिस की दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और कई अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में कई लोग मुंह पर रुमाल या कपड़ा बांधकर तोड़फोड़ और लूटपाट करते दिख रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि कथित रेप मामले में एफआईआर दर्ज कर SIT बना दी गई है और फॉरेंसिक जांच जारी है। इस बीच, LPU ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए कक्षाएं निलंबित कर दी हैं और हॉस्टल में रह रहे छात्रों को सुरक्षित अपने कमरों में रहने की हिदायत दी है।