संवाद सूत्र, उसहैत (बदायूं)। ग्राम खिरिया मधुकर एवं खेड़ा जलालपुर, टिकाई पुख्ता में स्थित एनजीओ द्वारा संचालित गोशालाओं में गोवंशी पशुओं की हालत खराब है। टिकरी की गोशाला में पांच और टिकाई पुख्ता में दो गोवंशी पशुओं की मौत की जानकारी मिलते ही डीएम ने टीम भेजी। ग्रामीणों ने सात पशुओं की मौत बताई, लेकिन डीएम अवनीश राय के मुताबिक वहां एक भी पशु की मौत नहीं हुई है। प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा था, वहां कोई मृत पशु नहीं मिला।
टिकरी व टिकाई पुख्ता में गोशाला के सुपरवाइजर दर्शन सिंह ने गोवंशी पशुओं की मौत का कारण मौसम खराब होना बताया। उनका कहना है कि मौसम खराब होने पर गायों की मौत हो जाती है।
वहीं, केयरटेकर से बीमार गोवंशी पशुओं के उपचार और दवा के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उसने दवा दिए जाने की बात कही, लेकिन कब, कितने गोवंशी पशुओं को और कौन सी दवा दी गई, इसका स्पष्ट विवरण नहीं दे सका।
एनजीओ संचालक दानवीर यादव और प्रियंक कौशिक की गोशालाओं में हुई मौतों की जानकारी पर जिम्मेदारों से स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया। लेकिन इनमें से एक को उसावां पुलिस जेल भेज चुकी है, जबकि प्रियंक फरार है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बीडीओ राकेश कुमार निराला और तहसीलदार दयाचंद्र पौरुष ने राजस्व टीम के साथ गोशाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गोवंशी पशुओं की स्थिति, चारा-पानी और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मौतों के कारण और व्यवस्थाओं की स्थिति को लेकर जांच की जा रही है।
पानी में डूबी गाय का वीडियो प्रसारित, गोशाला की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
दहगवां। विकास खंड क्षेत्र की बैरपुर मानपुर गोशाला के पीछे पानी में एक गाय के डूबे होने का वीडियो प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने गोशाला की व्यवस्थाओं और पशुओं की निगरानी पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला में पशुओं की नियमित निगरानी नहीं की जाती। उनका कहना है कि सरकार की ओर से गोशालाओं के रखरखाव पर धन खर्च किए जाने के बावजूद जलभराव और गड्ढों से सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
इसी कारण हादसा होने की बात कही जा रही है। हालांकि ग्राम पंचायत अधिकारी विपिन कुमार ने प्रसारित वीडियो में दिखाई दे रही गाय को गोशाला का होने से इन्कार किया है।
उनका कहना है कि किसी व्यक्ति ने गोशाला के पीछे से वीडियो बनाकर प्रसारित किया है। वीडियो में दिखाई दे रही गाय का गोशाला से कोई संबंध नहीं है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
एसडीएम ने किया गोशाला का निरीक्षण, मिलीं अनियमितताएं
नूरपुर पिनौनी। जिले की विभिन्न गोशालाओं में गोवंशी पशुओं की मौत के मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। सोमवार को एसडीएम बिल्सी गौरव आर्य ने इस्लामनगर विकासखंड क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी स्थित वृहद गोशाला का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्हें कुछ अनियमितताएं मिलीं। उन्होंने संबंधित अधीनस्थों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मौके पर गोशाला संचालक के अनुपस्थित मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। एसडीएम ने गोवंशी पशुओं के चारा-पानी और देखरेख की व्यवस्था की भी जानकारी ली।