बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के अंकित शर्मा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पुलिस ने 32 हजार रुपये रिश्वत ली और अतिरिक्त पैसे की मांग की। युवक का कहना है कि पुलिस ने उसके घर दबिश देकर परिवार के सदस्यों के साथ बुरा व्यवहार किया।
जानकारी के मुताबिक, लोनीकटरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव निवासी अंकित शर्मा ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर लोनी कटरा थाने की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का आरोप है कि गांव और पड़ोसी गांव के कुछ दबंग लोग उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि पुलिस उसे फर्जी मुकदमे में फंसा कर जेल भेजने की धमकी देकर उससे 32 हजार रुपये ले चुकी है। इसके बाद भी पुलिस की ओर से और रुपये की मांग की जा रही है।
एसपी से शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
अंकित का आरोप है कि अतिरिक्त रुपये नहीं दे पाने पर पुलिस ने उसके घर 28 सितम्बर को रात में दबिश दी और उसकी मां और परिवार के साथ अभद्रता कर उन्हें अपमानित किया। वायरल वीडियो में युवक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक से पूर्व में 3 बार मिलकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जिस पर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की बात कही। लेकिन थाने की पुलिस ने विरोधियों के साथ मिलकर मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है। युवक ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने रोते हुए अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
पुलिस ने क्या कहा?
इस संबंध में थाने के इंस्पेक्टर अभिमन्यु मल्ल का कहना है कि युवक बीसी का संचालन करता है जो रुपयों के लेनदेन का विवाद पर मुकदमा दर्ज है। युवक द्वारा लगाए गए रिश्वत और अन्य आरोप निराधार हैं।