जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Babarganj Viral Video Mukesh Pal Arrested: जेल की सलाखों से बाहर आते ही कानून को ठेंगा दिखाना और हथियारों का खुला प्रदर्शन करना एक कुख्यात बदमाश को भारी पड़ गया। भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर निवासी मुकेश पाल को दोनों हाथों में लोडेड पिस्टल लहराते हुए बार बालाओं के साथ ठुमके लगाना महंगा साबित हुआ। इंटरनेट मीडिया पर इस सनसनीखेज डांस का वीडियो तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने बुधवार की देर रात छापेमारी कर आरोपित मुकेश पाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित हाल ही में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। इसके तुरंत बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक गुप्त ठिकाने पर बार बालाओं के डांस का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान वह भोजपुरी व हिंदी गानों की धुन पर बेखौफ होकर दोनों हाथों में अवैध आग्नेयास्त्र लहराते हुए महफिल में डांस करने लगा। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
‘कि मैं बारी जावां’ गाने पर लहराई थी दो-दो पिस्टल
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बैकग्राउंड में फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का चर्चित गाना ‘कि मैं बारी जावां…’ बज रहा है। इसी गाने की ताल पर मुकेश पाल दो बार डांसरों के बीच दोनों हाथों में एक-एक पिस्टल लहराते हुए डांस कर रहा था। वीडियो की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
-
भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर का मामला: जेल से छूटने के बाद बार बालाओं संग डांस का वीडियो हुआ था वायरल
-
फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘कि मैं बारी जावां…’ पर दोनों हाथों में अवैध पिस्टल लहराते हुए डांस कर रहा था आरोपित मुकेश पाल
-
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर सिटी एसपी और डीएसपी सिटी-2 राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने की त्वरित गिरफ्तारी
-
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज; पुलिस जुटा रही जानकारी—हथियार कहां से खरीदे, बार डांसर किसने बुलाई और मकान किसका था
एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) अतुलेश झा की सतत निगरानी और नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी सिटी द्वितीय) राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। बबरगंज थानाध्यक्ष सत्यजीत कुमार और सशस्त्र बल ने सबसे पहले वायरल वीडियो की तकनीकी सत्यता और लोकेशन की पुष्टि की। इसके उपरांत बुधवार की रात इलाके में घेराबंदी कर मुख्य आरोपित मुकेश पाल को धर दबोचा गया। स्थानीय लोगों ने बेखौफ घूम रहे बदमाश के खिलाफ पुलिस की इस त्वरित व सख्त कार्रवाई की सराहना की है।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, गुरुवार को भेजा जाएगा जेल
डीएसपी सिटी द्वितीय राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ बबरगंज थाने में आर्म्स एक्ट की सुसंगत गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम उससे सघन पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डांस के दौरान लहराए गए दोनों हथियार किस तस्कर या गिरोह से खरीदे गए थे, बार बालाओं को बुलाने की व्यवस्था किसने की थी और वह मकान किसका था जहां यह अवैध महफिल सजी थी। पुलिस का कहना है कि आयोजन में शामिल उसके अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत मुकेश पाल को गुरुवार को न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में वापस जेल भेजा जाएगा।