नई दिल्ली: ‘बिग बॉस 20’ में इस हफ्ते स्काउट ओपी और यंग डीएसए की फिजिकल फाइट से लेकर लव गिल के साथ उनके रिश्ते तक, कई मुद्दों पर जमकर हंगामा हुआ. घर में हुए इन विवादों के बाद वीकेंड का वार में सलमान खान ने कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाई. उन्होंने स्काउट को उनके गेम का आईना दिखाया और यंग डीएसए के साथ काजी की तारीफ भी की.
वहीं, कनिका मान भी सलमान के निशाने पर आ गईं. उनके साथ बातचीत के दौरान सलमान इस कदर नाराज हुए कि उन्हें साफ चेतावनी दे दी कि उनके सामने ऊंची आवाज में बात न करें.
स्काउट को लव के नाम पर सुनाई खरी-खोटी
वीकेंड का वार में सलमान खान ने सबसे पहले स्काउट ओपी के गेम पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब स्काउट घर में आए थे और अब जिस तरह खेल रहे हैं, उसमें काफी अंतर आ गया है. इसके बाद सलमान ने अपनी फिल्म ‘बंधन’ का डायलॉग याद दिलाते हुए कहा, ‘जो जीजाजी बोलेंगे, वो मैं करूंगा.’ फिर स्काउट पर तंज कसते हुए बोले कि उन्हें देखकर लगता है कि वह मानकर चल रहे हैं, ‘जो लव बोलेगी, वो मैं करूंगा.’ स्काउट और लव ने सलमान की इस बात को गलत बताया, लेकिन घर के कई सदस्यों ने उनकी बात से सहमति जताई. आम्रपाली और काजी ने भी दोनों के रिश्ते पर सवाल उठाए. वहीं कनिका मान ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि स्काउट और लव के बीच भाई-बहन जैसा रिश्ता है. उनके मुताबिक, स्काउट लव को पसंद करते हैं और लव उन्हें अपने हिसाब से चलाने की कोशिश करती हैं.
यंग और काजी की तारीफ
सलमान ने स्काउट और यंग डीएसए की लड़ाई पर भी बात की. उन्होंने यंग की तारीफ करते हुए कहा कि स्काउट के भड़काने के बावजूद उन्होंने खुद पर कंट्रोल रखा और बात को आगे नहीं बढ़ाया. वहीं, लव को लेकर स्काउट के गलत कमेंट पर आवाज उठाने के लिए सलमान ने काजी की भी तारीफ की. इसके बाद सलमान ने कनिका मान से सवाल किया कि जब स्काउट ने लव के बारे में इतनी बड़ी और गलत बात कही थी, तब उन्होंने उसके लिए स्टैंड क्यों नहीं लिया. सलमान ने कनिका को याद दिलाया कि वह भी उस वक्त वहीं मौजूद थीं और इस मामले पर हंस रही थीं. उन्होंने कहा कि काजी के लॉलीपॉप वाले मामले में कनिका काफी कुछ बोल रही थीं, जबकि उस बात का कोई मतलब भी नहीं था. लेकिन जब लव के साथ ऐसा हुआ, तब उन्होंने आवाज क्यों नहीं उठाई?
इस पर कनिका तेज आवाज में अपनी सफाई देने लगीं. उन्होंने कहा कि वहां सभी लोग हंस रहे थे. साथ ही उन्होंने दावा किया कि उन्होंने लव के लिए स्टैंड लिया था, लेकिन उस वक्त उन्हें तुरंत समझ नहीं आया कि क्या कहना चाहिए. कनिका एक के बाद एक सलमान को अपनी बात समझाने की कोशिश करती रहीं. उनकी तेज आवाज और लगातार सफाई सुनकर सलमान भड़क गए. उन्होंने कनिका को टोकते हुए कहा, ‘डोंट रेज योर वॉइस इन फ्रंट ऑफ मी. बहुत ओवर स्मार्ट समझ रही हो खुद को. ये सब मेरे साथ मत करना.’
मनीष गोयल के एलिमिनेशन पर सस्पेंस
इस हफ्ते घर से कौन बाहर होगा, इसे लेकर भी दर्शकों के बीच सस्पेंस बना हुआ है. सोशल मीडिया पर कुछ रिपोर्ट्स में मनीष गोयल के एलिमिनेट होने का दावा किया जा रहा है. वहीं, कुछ दूसरी वायरल रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इस हफ्ते कोई एलिमिनेशन नहीं होगा. हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.