बिहार:पुलिस अभिरक्षा में युवक बना रहा था रील या किसी ने बनाई? थाने के कमरे से वीडियो वायरल, जांच के आदेश – Muzaffarpur Bihar News : A Young Man Brought Police Station For Questioning In Police Custody Gone Viral


बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पूछताछ के लिए थाने लाए गए एक युवक का पुलिस अभिरक्षा के दौरान वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो रील के रूप में सामने आया है, जिसमें युवक थाने के एक कमरे में आराम से बैठा दिखाई दे रहा है और बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना बज रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा भी हो रही है कि पुलिस अभिरक्षा में रखे गए युवक का वीडियो आखिर कैसे बनाया गया और वह सोशल मीडिया तक कैसे पहुंच गया। आम तौर पर पुलिस अभिरक्षा में रखे गए व्यक्ति की सुरक्षा और निगरानी पुलिस की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में थाने के अंदर युवक का वीडियो बनाए जाने और उसके वायरल होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सरैया थाना परिसर का बताया जा रहा वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना परिसर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बीते दिनों सरैया थाना पुलिस एक युवक को किसी मामले में पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। युवक को पुलिस अभिरक्षा में थाने के ही सिरिस्ता में रखा गया था। इसी दौरान पुलिस अभिरक्षा में रखे गए युवक का किसी दोस्त ने कथित तौर पर वीडियो बना लिया। वीडियो में युवक थाने के कमरे में आराम से बैठा नजर आ रहा है। वीडियो पर भोजपुरी गाना भी लगाया गया है।

भोजपुरी गाने के साथ बनाई गई रील, पुलिस पर उठे सवाल

वायरल वीडियो में भोजपुरी गाने की आवाज सुनाई दे रही है। गाने के बोल हैं- ‘जेलवे हऊ ससुराल लागल रहे आना जाना रे’। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वीडियो को लेकर यह सवाल भी उठ रहा है कि पुलिस अभिरक्षा में रखे गए युवक तक मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और थाने के अंदर उसका वीडियो किसने बनाया। यही वजह है कि अब पूरे मामले में पुलिस की निगरानी और कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो युवक ने खुद बनाया या उसके किसी दोस्त ने बनाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

वीडियो वायरल होने के बाद जांच के आदेश

मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे संज्ञान में लिया है और जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि थाने के अंदर पुलिस अभिरक्षा में रखे गए युवक का वीडियो कैसे बनाया गया और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया।

एसडीपीओ ने कहा- जांच के बाद होगी विधि सम्मत कार्रवाई

पूरे मामले को लेकर सरैया क्षेत्र की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिजीत कौर ने बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में मामला संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। वीडियो कैसे बना और किन परिस्थितियों में इसे रिकॉर्ड किया गया, इस संबंध में जानकारी मांगी गई है।

एसडीपीओ ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, वीडियो बनाए जाने की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

 



Source link

Related posts

एआई की दुनिया:इंसानों जैसी गाती सब्जियां और नाचती कॉफी, दिमाग को क्यों पसंद आती हैं ऐसी अजीबो-गरीब रील्स? – Psychology Behind Viral Weird Reel How Short Funny Videos Affect Mental Health

हियुवा नेता से ज्वेलर्स की दुकान में मारपीट, सीसीटीवी फुटेज वायरल, National Hindi News

बिहार:स्कूल के बाहर वीडियो वायरल, छेड़खानी की अफवाह से मचा हड़कंप; पुलिस बोली- सच कुछ और है – Bihar News School Students Dispute Video Viral In Madhepura Misleading Rumor Bihar Police Action