एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म द वन (The Vvaan) का बिहार में अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। लोक संस्कृति से प्रेरित फिल्म की कहानी को लोग बड़े पर्दे पर देखने के लिए चप्पल उतारकर सिनेमाघर जा रहे हैं।
बिहार की लोक परंपराओं और छठ पूजा से जुड़ी आस्था के इर्द-गिर्द घूमती फिल्म द वन 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म को क्रिटिक्स से भले ही मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली हो, लेकिन दर्शक इस फिल्म को पसंद कर रहे हैं।
चप्पल उतारकर फिल्म देखने गए दर्शक
सोशल मीडिया पर द वन को काफी पसंद किया जा रहा है। कुछ दर्शक इमोशनल होकर फिल्म का आनंद ले रहे हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, बिहार में कुछ दर्शक द वन देखने से पहले सिनेमाघर के बाहर चप्पल उतारकर अंदर जा रहे हैं।
यहीं नहीं, कुछ दर्शक तो द वन के पोस्टर के सामने सिर झुका रहे हैं, हाथ जोड़ रहे हैं। कुछ लोग थिएटर्स के अंदर फिल्म देखकर इमोशनल होते हुए नजर आए।
थिएटर्स में बांटा गया ठेकुआ
लोग इस फिल्म से इस तरह कनेक्ट कर रहे हैं कि थिएटर के बाहर ठेकुआ बांट रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें लोग थिएटर के बाहर ठेकुआ बांटते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।