नई दिल्ली. बॉलीवुड में अकसर दो बड़े सितारों की फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर टक्कर देखने को मिलती है. कभी दो सुपरस्टार आमने-सामने होते हैं, तो कभी एक ही जॉनर की फिल्मों के बीच मुकाबला दिलचस्प हो जाता है. लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग है. नवंबर में सिनेमाघरों में ऐसा संयोग बनने जा रहा है, जहां एक ही परिवार के दो सदस्य अपनी-अपनी फिल्मों के साथ दर्शकों के सामने होंगे. एक तरफ हैं सनी देओल, जिनका दमदार अंदाज और पर्दे पर एक्शन दर्शकों के बीच खूब पसंद किया जाता है. दूसरी तरफ हैं उनकी बहन ईशा देओल, जो लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी में हैं. दोनों की फिल्मों की रिलीज डेट एक ही दिन तय हुई है. ये फिल्में हैं ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ और ‘प्रताप’ जो एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार हैं.
20 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर आमने-सामने होंगी भाई-बहन सनी देओल और ईशा देओल की फिल्में.
20 नवंबर को रिलीज होने वाली इन दोनों फिल्मों की कहानियां एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. सनी देओल जहां एक गंभीर क्राइम थ्रिलर के साथ दर्शकों के सामने आएंगे, वहीं ‘प्रताप’ में अमित साध एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभाते नजर आएंगे. इस फिल्म में ईशा देओल भी अहम किरदार निभा रही हैं. ऐसे में एक ही तारीख पर भाई और बहन की फिल्मों का रिलीज होना फिल्मी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है.
‘प्रताप’ में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बनेंगे अमित साध
सचिन सराफ के निर्देशन में बनी ‘प्रताप’ एक क्राइम ड्रामा है. फिल्म को यूवी फिल्म्स के बैनर तले प्रदीप रंगवानी ने प्रोड्यूस किया है. इसमें अमित साध मुंबई के एक सम्मानित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म के पहले लुक से इसकी गंभीर और तनावपूर्ण कहानी की झलक मिलती है. फिल्म में ईशा देओल के अलावा सीमा बिस्वास, मिलिंद गुणाजी और तिग्मांशु धूलिया भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. मजबूत कलाकारों से सजी इस फिल्म की कहानी और किरदार दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र हो सकते हैं. ईशा देओल के लिए भी यह फिल्म खास है, क्योंकि इसके जरिए वह लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं.
सनी देओल और ईशा देओल दोनों पर्दे पर अलग-अलग फिल्मों में नजर आने वाले हैं.
सनी देओल फिर दिखाएंगे अपना इंटेंस अंदाज
दूसरी तरफ, सनी देओल अपनी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में एक अलग और गंभीर अंदाज में नजर आएंगे. सनी ने हाल ही में फिल्म का पहला लुक और मोशन पोस्टर जारी किया था. इसमें उनका रफ एंड टफ अवतार देखने को मिला, जिसने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट को बढ़ा दिया. एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर छिपे हुए राज, अनसुलझे सवालों और न्याय की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म को कमल मुकुट प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट इसके निर्माता हैं. इसमें रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी अहम रोल में नजर आएंगे.
किस फिल्म को मिलेगी दर्शकों की पहली पसंद?
एक तरफ सनी देओल की क्राइम थ्रिलर है, तो दूसरी तरफ अमित साध और ईशा देओल की ‘प्रताप’. दोनों फिल्मों की कहानी, कलाकार और अंदाज अलग हैं. ऐसे में मुकाबला सिर्फ स्टारडम का नहीं, बल्कि कहानी और दर्शकों की पसंद का भी होगा. 20 नवंबर 2026 को दोनों फिल्में रिलीज होने के बाद इनके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी.