BB 20 से मिड-वीक एविक्ट हुईं मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी ने बाहर आने के बाद अपने पिता का रिएक्शन शेयर किया। उन्होंने बताया कि मनोज तिवारी को उनपर गर्व है, वहीं उन्होंने खुद को बेहतर करने की बात भी कही।
रीति तिवारी का एविक्शन उनके बर्ताव का हवाला देकर ही किया गया था। कैप्टंसी टास्क के तीनों दावेदारों ने उनकी आखिरी लाइफ छीनकर उन्हें सीधा घर से बेघर कर दिया था। रीति अब कहती हैं कि वह खुद पर काम कर रही हैं और इसका पॉजिटिव असर भी दिख रहा है।
मनोज तिवारी को अपनी बेटी पर है गर्व
IANS के साथ बातचीत में रीति तिवारी ने पिता के रिएक्शन पर कहा, ‘मैंने उनसे बात की और उनकी प्रतिक्रिया किसी भी पिता जैसी ही थी। उन्होंने कहा कि मुझे तुम पर गर्व है। तुमने खुद में ऐसा बदलाव लाया, जो शायद लंबे समय से तुम्हारे अंदर था।’
मनोज तिवारी ने बेटी की ‘बिग बॉस’ जर्नी पर क्या कहा
रीति ने आगे यह भी बताया कि मनोज तिवारी को लगा कि वह घर में गईं और उन्होंने वह सब किया जो वह करना चाहती थीं। रीति के मुताबिक, इस अनुभव से उन्हें अपनी खूबियों और कमियों को समझने में भी मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘उन्हें यह भी लगा कि मैं वहां गई और उस घर में जो कुछ भी करना चाहती थी, वह किया। मुझे लगता है कि हर इंसान में कुछ ऐसी चीजें होती हैं जिन्हें वे बदलना चाहते हैं या ऐसे क्षेत्र होते हैं जहां वे बेहतर कर सकते हैं। वहां जाकर मुझे एहसास हुआ कि मैं क्या बेहतर कर सकती हूं और क्या चीजें अपने अंदर नहीं चाहती।’
मां की सलाह को किया याद
रीति ने अपनी मां से मिली सलाह के बारे में भी बात कि और कहा, ‘मेरी मां ने हमेशा मुझसे कहा है, अपनी भावनाओं को अपने दिमाग पर हावी मत होने दो।’ वहीं, रीति ने खुद में सुधार लाने की बात भी की और कहा, ‘इस घर में मेरे साथ जो कुछ भी हुआ, मैं कुछ कमियों के साथ वहां गई थी, और मैं बदलूंगी। मैं खुद को बेहतर बनाऊंगी। मुझे लगता है कि अब मैं यह दिखा पाऊंगी।’
कहां से शुरू हुआ था विवाद
शो में रीति का आखिरी हफ्ता विवादों से घिरा रहा। शो के दौरान हुए ‘डिस टास्क’ में कुछ हदें पार करने के बाद वह एक बड़े झगड़े का केंद्र बन गईं। काजी और उदिति सिंह के प्रति उनके गलत और अभद्र भाषा के इस्तेमाल ने घर के अंदर काफी चर्चा पैदा कर दी। इस घटना के कारण काजी ने उदिति का कड़ा पक्ष लिया और रीति के व्यवहार पर जमकर गुस्सा निकाला। इस विवाद के बाद, सलमान खान ने रीति को फटकार भी लगाई और समझाने की कोशिश की कि टास्क के दौरान उनका व्यवहार हद से ज्यादा गलत था। बातचीत के दौरान रीति को यह भी याद दिलाया गया कि उनके पिता, मनोज तिवारी, खुद बिग बॉस के कंटेस्टेंट रह चुके हैं और शो में अपने समय के दौरान उन्होंने बहुत शांत व्यवहार किया था। रीति ने माना कि वह कुछ कमियों के साथ घर में आई थीं और उनका मानना है कि इस अनुभव ने उन्हें उन कमियों पर काम करने का मौका दिया है।