‘मराठी में क्यों रिलीज नहीं हुई?’ 1000 करोड़ पार रामायण, भाषा पर छिड़ी जंग, NCP ने किया विरोध – ramayana lands in controversy NCP demands to release in marathi box office collection tmova


रणबीर कपूर की ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, लेकिन अब महाराष्ट्र में फिल्म को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने मेकर्स से फिल्म को मराठी भाषा में भी रिलीज करने की मांग की है. संगठन का कहना है कि महाराष्ट्र जैसे बड़े फिल्मी बाजार के दर्शकों को अपनी मातृभाषा में इतनी भव्य फिल्म देखने का मौका मिलना चाहिए.

रामायण को लेकर आई आपत्ति

NCP के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बाबासाहेब पाटिल ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा को चिट्ठी लिखकर अपनी मांग रखी है. उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ जैसी बड़ी फिल्म को मराठी में भी डब किया जाना चाहिए और महाराष्ट्र में दोबारा रिलीज किया जाना चाहिए. उनके मुताबिक, मराठी दर्शक भी इस फिल्म को अपनी भाषा में देखने का हक रखते हैं.

बाबासाहेब पाटिल ने अपनी चिट्ठी में मराठी भाषा की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिल चुका है. ऐसे में इतनी बड़ी फिल्म की भाषा सूची में मराठी को जगह न मिलना निराशाजनक है. उन्होंने यह भी कहा कि मराठी भाषा का इतिहास करीब एक हजार साल पुराना है और यहां के दर्शकों ने हमेशा फिल्मों को अच्छा रिस्पॉन्स दिया है.

पाटिल का कहना है कि महाराष्ट्र फिल्म निर्माताओं के लिए एक बड़ा बाजार है. यहां मराठी बोलने वाले दर्शकों की बड़ी संख्या है और उन्हें भी अपनी मातृभाषा में ‘रामायण’ जैसी भव्य फिल्म देखने का मौका मिलना चाहिए. उन्होंने साफ किया कि उनकी मांग किसी दूसरी भाषा के खिलाफ नहीं है. वह सिर्फ चाहते हैं कि मराठी को भी फिल्म के डब वर्जन में शामिल किया जाए.

मराठी को नहीं मिली तवज्जो

दरअसल, मेकर्स की ओर से फिल्म को भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है. ऐसे में मराठी वर्जन की मांग को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं. बाबासाहेब पाटिल ने इसी मुद्दे को उठाते हुए मेकर्स से मराठी दर्शकों की भावनाओं और भाषा के सम्मान को ध्यान में रखने की अपील की है.

अब बात फिल्म की कमाई की करें तो ‘रामायण’ ने रिलीज के महज आठ दिनों में दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, 12 नवंबर यानी आठवें दिन तक फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 1,033.55 करोड़ रुपये पहुंच गया था. भारत में फिल्म ने 564.60 करोड़ रुपये नेट और 675.05 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए, जबकि विदेशों से इसका ग्रॉस कलेक्शन 358.50 करोड़ रुपये रहा. आठवें दिन फिल्म ने भारत में 53.50 करोड़ रुपये नेट कमाए.

फिल्म ने भारत में पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये नेट की कमाई से शुरुआत की थी. इसके बाद पांचवें दिन यानी 9 नवंबर को इसका कलेक्शन 107.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. आठवें दिन तक 1000 करोड़ क्लब में एंट्री के साथ ‘रामायण’ भारतीय फिल्मों की इस खास लिस्ट में शामिल हो गई. हालांकि, ये ट्रेड ट्रैकर्स के आंकड़े हैं और आधिकारिक निर्माता आंकड़ों से अलग हो सकते हैं.

फिलहाल फिल्म के मेकर्स की तरफ से मराठी डबिंग और महाराष्ट्र में दोबारा रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है. अब देखना होगा कि 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी ‘रामायण’ के निर्माता मराठी दर्शकों की इस मांग पर क्या जवाब देते हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Related posts

‘रामायण’ की तबाही के बीच तमिल फिल्म का जलवा, बना डाला 2026 का कॉलीवुड का बड़ा रिकॉर्ड

‘पुष्पा 2’ से ‘रामायण’ तक, इन 8 भारतीय फिल्मों ने सबसे कम समय में कमाए 1000 करोड़ रुपये

‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर नॉन स्टॉप रिकॉर्ड, बनी बॉलीवुड की चौथी हाईएस्ट ग्रॉसर फिल्म